300 का डीजल भरवाने पर बवाल: फ्यूल मीटर नहीं बढ़ा तो पेट्रोल पंप पर हंगामा, वीडियो में जाने पुलिस पहुंची मौके पर
पंजाब के जालंधर में इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने को लेकर जमकर हंगामा हो गया। एक कार मालिक ने आरोप लगाया कि 300 रुपये का डीजल भरवाने के बावजूद उसकी कार के फ्यूल मीटर और डीटीई (Distance to Empty) में कोई बदलाव नहीं आया। विरोध करने पर विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।घटना के दौरान कई अन्य ग्राहकों ने भी पेट्रोल पंप पर कम ईंधन देने और मीटर को जीरो किए बिना फ्यूल भरने जैसे आरोप लगाए। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
कार मालिक ने लगाए गंभीर आरोप
कार मालिक अनुज के मुताबिक, उन्होंने रविवार शाम 120 फुटी रोड स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर अपनी कार में 300 रुपये का डीजल भरवाया। उनका कहना है कि गाड़ी स्टार्ट करने के बाद भी न तो फ्यूल गेज में कोई बदलाव आया और न ही डीटीई मीटर में कोई अंतर दिखाई दियाअनुज का आरोप है कि जब उन्होंने इस बारे में पेट्रोल पंप कर्मचारियों से शिकायत की तो उकी बात सुनने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पंप की महिला मैनेजर शिकायत सुनने के लिए बाहर तक नहीं आईं।
विवाद बढ़ने पर मौके पर पहुंचे पार्षद प्रतिनिधि
स्थिति बिगड़ने पर अनुज ने अपने भाई, जो पार्षद प्रतिनिधि बताए जा रहे हैं, को मौके पर बुलाया। उनके पहुंचने के बाद विवाद और बढ़ गया। इस दौरान कई अन्य ग्राहक भी मौके पर जमा हो गए और उन्होंने भी पेट्रोल पंप पर कम तेल देने तथा मीटर को शून्य किए बिना ईंधन भरने जैसे आरोप लगाए।
महिलाओं ने मैनेजर से मांगी माफी
हंगामे के दौरान कुछ महिलाएं पेट्रोल पंप के मैनेजर के केबिन तक पहुंच गईं और कर्मचारियों के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए माफी मांगने की मांग की। काफी देर तक मौके पर बहस और हंगामा चलता रहा।
पुलिस ने संभाला मामला
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और शिकायत के आधार पर सभी तथ्यों की जांच की जाएगी।फिलहाल, पेट्रोल पंप प्रबंधन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोप सही हैं या नहीं।

