Samachar Nama
×

जयपुर में सिंगर सुनंदा शर्मा की सुरक्षा में चूक: लाइव शो के दौरान स्टेज पर चढ़ा फैन, अचानक सामने आया तो घबराकर पीछे हटीं; वीडियो वायरल

जयपुर में सिंगर सुनंदा शर्मा की सुरक्षा में चूक: लाइव शो के दौरान स्टेज पर चढ़ा फैन, अचानक सामने आया तो घबराकर पीछे हटीं; वीडियो वायरल

मशहूर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। जयपुर में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान एक फैन अचानक स्टेज पर चढ़ गया। युवक को सामने देखकर सुनंदा घबरा गईं और चिल्लाते हुए तुरंत पीछे हट गईं। हालांकि, वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड्स ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया और स्टेज से नीचे उतार दिया। इस घटना का 23 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

घटना 31 अक्टूबर की रात जयपुर के आनंद इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में हुई। यहां सुनंदा शर्मा को 'एकोना-2026' नाम के इंटर कॉलेजिएट टेक्नो-कल्चरल फेस्ट में परफॉर्मेंस के लिए बुलाया गया था। रात करीब 8:30 बजे जब सिंगर स्टेज पर गाना गा रही थीं, तभी एक युवक अचानक फैंस की तरफ से स्टेज पर चढ़ आया।

फैन को सामने देखकर घबराईं सुनंदा

सामने आए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सुनंदा शर्मा गाते हुए स्टेज पर मौजूद दर्शकों की ओर बढ़ रही हैं। इसी दौरान एक युवक अचानक उनके सामने पहुंच जाता है और उनके पैर छूने की कोशिश करता है। युवक को अचानक अपने इतने करीब देखकर सुनंदा चिल्लाती हैं और तुरंत पीछे हट जाती हैं।सिंगर के पीछे हटने से युवक उन्हें छू नहीं पाता। इसी बीच सिक्योरिटी टीम तेजी से हरकत में आती है और सुनंदा को कवर करते हुए युवक को पकड़ लेती है। इसके बाद सुरक्षाकर्मी उसे घसीटते हुए स्टेज से नीचे ले जाने लगते हैं।

सिक्योरिटी को युवक को ले जाने से रोकती दिखीं सिंगर

वीडियो में सुनंदा शर्मा सुरक्षाकर्मियों से युवक को छोड़ने के लिए 'इट्स ओके, इट्स ओके' कहती हुई भी नजर आती हैं। हालांकि, सिक्योरिटी गार्ड युवक को स्टेज से नीचे ले जाते हैं। इस घटना के बाद सुनंदा स्टेज के पीछे चली जाती हैं।लाइव परफॉर्मेंस के दौरान हुई इस घटना ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भी चौंका दिया। किसी भी कलाकार के लिए मंच पर इस तरह अचानक किसी अनजान व्यक्ति का पहुंच जाना सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला हो सकता है।

गाजियाबाद में भी हो चुकी है ऐसी घटना

बताया जा रहा है कि इससे पहले गाजियाबाद में भी सुनंदा शर्मा के साथ ऐसा ही वाकया हो चुका है। जयपुर की घटना का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर लाइव कार्यक्रमों में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।फिलहाल इस पूरे मामले पर सुनंदा शर्मा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Share this story

Tags