Samachar Nama
×

अमृतसर में खड़ी थार से युवक का शव मिलने से सनसनी, वीडियो में देंखे ड्राइविंग सीट पर मिला शव; शराब की बोतल और मोबाइल बरामद

अमृतसर में खड़ी थार से युवक का शव मिलने से सनसनी, वीडियो में देंखे ड्राइविंग सीट पर मिला शव; शराब की बोतल और मोबाइल बरामद

पंजाब के अमृतसर में सोमवार सुबह सड़क किनारे खड़ी एक काले रंग की थार एसयूवी से युवक का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पूरी रात से संदिग्ध हालत में खड़ी गाड़ी पर लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन की जांच की, जिसमें ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

रातभर सड़क किनारे खड़ी रही थी थार

स्थानीय लोगों के अनुसार, काले रंग की थार रविवार रात से ही सड़क किनारे खड़ी थी। सुबह तक गाड़ी वहीं खड़ी रहने पर लोगों को संदेह हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन का दरवाजा खोलकर तलाशी ली। जांच के दौरान ड्राइविंग सीट पर एक युवक का शव मिला।

35 वर्षीय फतेहबीर सिंह के रूप में हुई पहचान

पुलिस ने मृतक की पहचान 35 वर्षीय फतेहबीर सिंह के रूप में की है। वह अमृतसर के राजासांसी क्षेत्र के गांव झंजोटी का रहने वाला था। उसके पिता का नाम भूपिंदर सिंह बताया गया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

गाड़ी से शराब की खुली बोतल और मोबाइल मिला

जांच के दौरान पुलिस को थार के अंदर से एक मोबाइल फोन और शराब की खुली बोतल बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन बंद अवस्था में मिला, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। वहीं, शराब की बोतल की सील टूटी हुई थी। इसे भी फोरेंसिक जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए अहम सबूत

घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने वाहन के अंदर और आसपास से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब मोबाइल फोन, शराब की बोतल और अन्य फोरेंसिक सबूतों की जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

परिजन कार्रवाई नहीं चाहते

पुलिस के मुताबिक, मृतक का परिवार फिलहाल किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहता और इस संबंध में सामने आने से भी बच रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों की जांच नियमानुसार जारी रहेगी और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं—दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य संदिग्ध परिस्थिति—को ध्यान में रखते हुए मले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Share this story

Tags