'पंजाब में कांग्रेस का एक ही चेहरा राहुल गांधी', भूपेश बघेल ने बागी नेताओं की मांग ठुकराई; वीडियो में देंखे चन्नी को CM फेस बनाने से किया इनकार
पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने बागी नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने की मांग को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया। साथ ही उन्होंने दोहराया कि पंजाब में कांग्रेस का एकमात्र चेहरा राहुल गांधी हैं।
सोशल मीडिया पर दिया स्पष्ट संदेश
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पंजाब की जनता के मन में किसी तरह का भ्रम नहीं है और राज्य का मतदाता लोकसभा चुनाव की तरह ही विधानसभा चुनाव में भी राहुल गांधी के नेतृत्व पर भरोसा कर रहा है।
उन्होंने लिखा,
"पंजाब की जनता के मन में कोई किंतु-परंतु नहीं है। पंजाब में कांग्रेस पार्टी का एक ही चेहरा है और वह श्री राहुल गांधी जी हैं।"बघेल का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पार्टी के भीतर कुछ नेता चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने की मांग कर रहे हैं।
बागी गुट को दूसरा बड़ा झटका
यह पहला मौका नहीं है जब भूपेश बघेल ने बागी नेताओं की मांग को अस्वीकार किया हो। इससे पहले भी उन्होंने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को बदलने की मांग को खारिज कर दिया था।लगातार दो प्रमुख मांगों को नकारे जाने के बाद पार्टी के असंतुष्ट नेताओं को बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
अब हाईकमान के सामने रखेंगे बात
सूत्रों के अनुसार, भूपेश बघेल के रुख के बाद बागी गुट अब सीधे कांग्रेस हाईकमान से अपनी बात रखने की तैयारी कर रहा है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के विदेश दौरे से लौटने के बाद असंतुष्ट नेता उनसे मुलाकात कर अपनी मांगों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।राहुल गांधी के 17 जुलाई को भारत लौटने की संभावना है। इसी दिन बागी नेताओं के दिल्ली पहुंचकर उनसे मिलने की कोशिश करने की चर्चा है।
पहले भी दे चुके हैं एकजुट रहने का संदेश
राहुल गांधी पहले भी पंजाब में आयोजित एक रैली के दौरान पार्टी नेताओं से एकजुट होकर टीम भावना के साथ काम करने की अपील कर चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि संगठन की मजबूती और चुनावी सफलता के लिए सभी नेताओं को मिलकर काम करना होगा।
विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ी हलचल
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर नेतृत्व और संगठन को लेकर चल रही हलचल तेज हो गई है। हालांकि, भूपेश बघेल के ताजा बयान यह संकेत मिला है कि फिलहाल पार्टी नेतृत्व किसी एक क्षेत्रीय नेता को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने के बजाय राहुल गांधी के नेतृत्व में ही चुनावी रणनीति आगे बढ़ाना चाहता है।अब सभी की नजर राहुल गांधी की वापसी और उनके साथ संभावित बैठक पर टिकी है, जहां पंजाब कांग्रेस के अंदरूनी विवाद और बागी नेताओं की मांगों पर आगे की दिशा तय हो सकती है।

