पंजाब चुनाव 2027: AAP ने जारी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची, वीडियो में जाने भगवंत मान धूरी से लड़ेंगे चुनाव; जेल में बंद संजीव अरोड़ा को भी टिकट
आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शनिवार को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से टिकट दिया गया है। विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी की पहली सूची में शामिल सभी 40 उम्मीदवार मौजूदा विधायक हैं। AAP ने इस सूची के जरिए अपने मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताया है। हालांकि, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का नाम पहली सूची में शामिल नहीं है। इसके अलावा पंजाब AAP के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा का नाम भी इस सूची में नहीं है।
जेल में बंद संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से टिकट
पहली सूची में सबसे ज्यादा चर्चा मंत्री संजीव अरोड़ा के नाम को लेकर हो रही है। अरोड़ा इस समय मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED की कार्रवाई के बाद जेल में हैं। इसके बावजूद पार्टी ने उन्हें लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से दोबारा उम्मीदवार बनाया है। अरोड़ा ने इससे पहले इस सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की थी।मुख्यमंत्री भगवंत मान ने धूरी सीट से चुनाव लड़ने की पुष्टि की है। वहीं, विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां कोटकपूरा से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
चार पूर्व मंत्रियों पर भी जताया भरोसा
AAP ने पहली सूची में चार पूर्व मंत्रियों को भी दोबारा टिकट दिया है। इनमें कुलदीप सिंह धालीवाल को अजनाला, ब्रह्म शंकर जिम्पा को होशियारपुर, डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर को अमृतसर साउथ और बलकार सिंह को करतारपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने इन सभी को उनकी पुरानी विधानसभा सीटों से ही चुनाव मैदान में उतारा है।सूची में महिला उम्मीदवारों को भी जगह दी गई है। इनमें इंदरजीत कौर मान को नकोदर, डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा को मोगा, संतोष कटारिया को बलाचौर और बलजिंदर कौर को तलवंडी साबो से टिकट दिया गया है।
हरपाल चीमा का नाम पहली सूची से गायब
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को पहली सूची में जगह नहीं मिली है। संगरूर के तूरबंजारा में गुलजार की आत्महत्या से जुड़े मामले को लेकर उनका नाम चर्चा में आया था। हालांकि, पार्टी ने संगरूर से संबंधित इस सीट पर भी पहली सूची में किसी दूसरे उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है। हरपाल चीमा का नाम सूची में नहीं होने के बावजूद वे उम्मीदवार चयन को लेकर हुई पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक में शामिल थे।
मार्च 2027 में खत्म होगा विधानसभा का कार्यकाल
पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। मौजूदा विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। राज्य में इससे पहले विधानसभा चुनाव कराए जाने हैं। वर्ष 2022 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। फिलहाल पार्टी के पास विधानसभा में 94 विधायक हैं।पहली सूची जारी होने के साथ ही AAP ने चुनावी मैदान में अपने मौजूदा विधायकों को उतारने का संकेत दिया है। अब बाकी 77 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

