Samachar Nama
×

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी खत्म करने की कवायद, वीडियो में जाने भूपेश बघेल का ‘मिशन पैचअप’, पटियाला और सुनाम में आज करेंगे बैठकें

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी खत्म करने की कवायद, वीडियो में जाने भूपेश बघेल का ‘मिशन पैचअप’, पटियाला और सुनाम में आज करेंगे बैठकें

पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान और गुटबाजी को खत्म करने के लिए पार्टी हाईकमान ने सक्रियता बढ़ा दी है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल शनिवार को पंजाब में दो अहम बैठकें करेंगे। इन बैठकों का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरना और संगठन को चुनाव से पहले मजबूत करना बताया जा रहा है। भूपेश बघेल शनिवार को पहले पटियाला पहुंचेंगे, जहां सुबह 10 बजे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे सुनाम में दूसरी बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में पार्टी की मौजूदा स्थिति, संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।

चन्नी-वड़िंग विवाद से हुए नुकसान की भरपाई की कोशिश

पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिं चन्नी के बीच राजनीतिक खींचतान की चर्चा रही है। दोनों नेताओं के बीच चली पावरगेम का असर संगठन और कार्यकर्ताओं के मनोबल पर पड़ा है।हाईकमान अब इस नुकसान की भरपाई के लिए जमीनी स्तर पर फोकस कर रही है। पार्टी की रणनीति युवाओं और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की है, ताकि आगामी चुनावों में संगठन को मजबूत स्थिति में लाया जा सके।

9 दिन के दौरे पर हैं भूपेश बघेल

पॉलिटिकल एनालिस्ट डॉ. केके रत्तू के मुताबिक, पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल 9 दिन के दौरे पर पहुंचे हैं। यह दौरा पार्टी के ‘मिशन पैचअप’ के तहत देखा जा रहा है।उन्होंने कहा कि बघेल न सिर्फ नेताओं के बीच मतभेद खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं, बल्कि चन्नी और राजा वड़िंग दोनों की राजनीतिक पकड़ और प्रभाव का भी आकलन कर रहे हैं। इसकी रिपोर्ट वह कांग्रेस हाईकमान को सौंपेंगे।

बूथ और यूथ पर कांग्रेस का फोकस

कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि पंजाब में पार्टी को दोबारा मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर पकड़ बनाना जरूरी है। इसके लिए युवाओं को जोड़ने और पुराने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की योजना बनाई जा रही है।बैठकों में स्थानीय नेताओं से फीडबैक लिया जाएगा और यह समझने की कोशिश की जाएगी कि जमीनी स्तर पर पार्टी किन चुनौतियों का सामना कर रही है।

राजा वड़िंग का AAP को लेकर बड़ा दावा

वहीं, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि AAP के 6 सांसदों के बाद अब 40 से 45 विधायक भी पार्टी छोड़ सकते हैं।वड़िंग का कहना है कि कई विधायकों को डर है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी टिकट कट सकती है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में एक गुप्त बैठक भी हो चुकी है।हालांकि, आम आदमी पार्टी की ओर से इस दावे पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

2027 चुनाव से पहले कांग्रेस की बड़ी तैयारी

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए कांग्रेस अब संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अंदरूनी मतभेद खत्म कर कार्यकर्ताओं में भरोसा पैदा करना है।भूपेश बघेल का यह दौरा कांग्रेस के लिए कितना फायदेमंद साबित होता है, यह आने वाले समय में साफ होगा, लेकिन फिलहाल पार्टी नेतृत्व पंजाब में एकजुटता दिखाने की कोशिश में जुटा हुआ है।

Share this story

Tags