थाने के बाहर पति-पत्नी के परिवारों में मारपीट, सड़क पर चले लात-घूंसे, VIDEO वायरल
पंजाब के लुधियाना स्थित सलेम टाबरी थाने के बाहर रविवार को उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब आपसी विवाद के समाधान के लिए पहुंचे पति-पत्नी और उनके परिजन आपस में ही भिड़ गए। देखते ही देखते बहस गाली-गलौज और फिर हाथापाई में बदल गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
थाने के बाहर सड़क पर हुआ हंगामा
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष पारिवारिक विवाद को लेकर पुलिस थाने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग थाने के बाहर ही एक-दूसरे पर टूट पड़े। बीच सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने किया बीच-बचाव
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की। हालांकि, काफी देर तक दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे और झगड़ा जारी रहा। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
हंगामे के दौरान महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए। महिला का कहना है कि उसे प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया।महिला ने आरोप लगाया, "मेरे कपड़े फाड़कर मुझे घर से बाहर निकाल दिया गया। मुझे चप्पल तक पहनने नहीं दी गई। हम लुधियाना के रहने वाले हैं और मेरा ससुराल सिरसा में है। मैंने अपने परिवार के लिए किडनी तक दान की है, लेकिन इसके बावजूद मेरे चरित्र पर सवाल उठाए जाते हैं।"महिला ने यह भी दावा किया कि उसका पति उस पर अपमानजनक आरोप लगाता है और उसकी छवि खराब करने की कोशिश करता है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और हाथापाई होती दिखाई दे रही है, जबकि पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतें सुनी जा रही हैं और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

