मलेशिया में लापता हुई मोगा की युवती, नानी ने लगाई वापसी की गुहार, वीडियो में बोलीं- तीन साल पहले बेहतर भविष्य के लिए विदेश भेजा था
मलेशिया में एक पाकिस्तानी युवक के साथ देखे जाने के बाद चर्चा में आई पंजाब के मोगा की युवती अब कथित तौर पर लापता हो गई है। घटना के बाद भारत में रह रही उसकी नानी ने भावुक अपील करते हुए सरकार और संबंधित अधिकारियों से अपनी दोहती को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है। इस संबंध में उनका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी चिंता और पीड़ा व्यक्त की है।
नानी ने बताया कि युवती की मां का पहले ही निधन हो चुका है और उन्होंने ही उसे बचपन से पाल-पोसकर बड़ा किया। उन्होंने कहा कि उनकी दोहती की इच्छा विदेश जाकर काम करने और अपना भविष्य बनाने की थी। इसी वजह से करीब तीन साल पहले उसे मलेशिया भेजा गया था।उन्होंने कहा, "हमने सोचा था कि वह विदेश में मेहनत करके कमाएगी और बाद में उसकी अच्छे घर में शादी करेंगे। हमें यह नहीं पता था कि वह वहां किन लोगों के संपर्क में है और किसके साथ रह रही है।"
परिजनों के अनुसार, उन्हें लोगों के माध्यम से जानकारी मिली कि युवती के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर मारपीट की थी, क्योंकि वह एक पाकिस्तानी युवक के साथ घूमती हुई देखी गई थी। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।नानी का कहना है कि जिस दिन यह घटना सामने आई, उसी दिन से उनकी दोहती का कोई पता नहीं चल रहा है। उससे फोन या किसी अन्य माध्यम से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। इस कारण परिवार बेहद चिंतित है और किसी अनहोनी की आशंका जता रहा है।
परिवार ने भारत सरकार और संबंधित एजेंसियों से युवती का जल्द से जल्द पता लगाने तथा उसे सुरक्षित भारत वापस लाने की अपील की है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मलेशिया की स्थानीय पुलिस ने इस मामले में क्या कार्रवाई की है या युवती की तलाश के लिए कोई आधिकारिक अभियान चलाया जा रहा है।मामले में कई दावे सामने आए हैं, लेकिन युवती के लापता होने और कथित मारपीट की परिस्थितियों को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में मामले की जांच और संबंधित एजेंसियों की कार्रवाई के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

