पंजाब में रिहायशी इलाके में घुसा तेंदुआ, घर के आंगन में बंधी गाय को बनाया शिकार; CCTV में कैद हुई पूरी घटना
पंजाब के होशियारपुर जिले के दसूहा क्षेत्र से एक बेहद डराने वाली घटना सामने आई है। यहां एक तेंदुआ देर रात रिहायशी इलाके में घुस गया और घर के आंगन में बंधी गाय पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में तेंदुए के दोबारा लौटने का डर बना हुआ है।
आंगन में घुसते ही गाय पर किया हमला
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि तेंदुआ चुपचाप घर के आंगन में प्रवेश करता है और सीधे बंधी हुई गाय पर हमला बोल देता है। वह गाय के गले को अपने जबड़ों में दबोच लेता है। अचानक हुए हमले से गाय खुद को बचाने के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करती है और काफी देर तक तेंदुए का मुकाबला करती रहती है।हालांकि, तेंदुए की पकड़ इतनी मजबूत होती है कि कुछ ही देर में वह गाय का गला घोंट देता है। इसके बाद गाय की मौके पर ही मौत हो जाती है और तेंदुआ उसे अपना शिकार बना लेता है।
गाय की आवाज भी नहीं जगा सकी मालिक
वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि जान बचाने की कोशिश में गाय लगातार र-जोर से आवाज निकालती है। इसके बावजूद घर के लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके। इसी का फायदा उठाकर तेंदुआ बिना किसी बाधा के वारदात को अंजाम देता है।घटना के बाद जब सुबह परिवार को इसकी जानकारी मिली तो आंगन में गाय का शव देखकर सभी हैरान रह गए।
गांव में दहशत, रातभर जल रही हैं लाइटें
इस घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तेंदुआ एक बार आबादी वाले इलाके में आ चुका है, तो उसके दोबारा आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। यही वजह है कि लोग रात के समय घरों के बाहर और आंगन में लाइटें जलाकर रख रहे हैं तथा बच्चों और पशुओं को अकेला छोड़ने से बच रहे हैं।
वन विभाग से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों को डर है कि अगली बार तेंदुआ पालतू पशुओं की बजाय इंसानों पर भी हमला कर सकता है।वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाने के लिए निगरानी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने, अकेले बाहर न निकलने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।
फिलहाल, तेंदुए के हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करती है कि जंगलों से सटे इलाकों में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही अब लोगों और पालतू पशुओं के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।

