Samachar Nama
×

कनाडा सरकार को लॉरेंस गैंग की धमकी, वीडियो में जाने लेटर में लिखा- ‘अब हम कनाडा पर राज करेंगे’, 5 हजार से ज्यादा गैंग मेंबर होने का दावा

कनाडा सरकार को लॉरेंस गैंग की धमकी, वीडियो में जाने लेटर में लिखा- ‘अब हम कनाडा पर राज करेंगे’, 5 हजार से ज्यादा गैंग मेंबर होने का दावा

कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग को लेकर कनाडा से एक बड़ा दावा सामने आया है। कनाडाई मीडिया हाउस CBC न्यूज के मुताबिक, साल 2025 में भारत से कनाडा सरकार को कथित तौर पर एक धमकी भरा लेटर भेजा गया था। इस लेटर में लॉरेंस गैंग ने कनाडा में अपनी मौजूदगी का दावा करते हुए सरकार, पुलिस और सेना को धमकी दी थी। मामला सामने आने के बाद कनाडाई सुरक्षा एजेंसियों की ओर से इसकी जांच की जा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह लेटर गुजरात की साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, लेटर की वास्तविकता और इसे किसने भेजा, इसकी जांच अभी जारी है। कनाडा के इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड की कार्यवाही के रिकॉर्ड में भी इस कथित पत्र का उल्लेख सामने आया है।

पुलिस रिकॉर्ड का हिस्सा बनाया गया लेटर

CBC न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, एडमॉन्टन पुलिस सर्विस की ऑर्गनाइज्ड क्राइम ब्रांच ने इस लेटर को अपने रिकॉर्ड का हिस्सा बनाया। इसके बाद इसे अब्बॉट्सफोर्ड पुलिस को भी भेजा गया। पुलिस और संबंधित एजेंसियां इस पत्र में किए गए दावों की जांच कर रही हैं।कथित पत्र में खुद को भारतीय गैंग से जुड़ा बताते हुए कनाडा में बड़ी संख्या में सदस्यों की मौजूदगी का दावा किया गया। लेटर में कहा गया कि गैंग के पास कनाडा में 5 हजार से ज्यादा सदस्य हैं। इसके साथ ही पुलिस और सरकार को गैंग की गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई।

‘अब हम कनाडा पर राज करेंगे’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पत्र में बेहद धमकी भरे अंदाज में लिखा गया था कि कनाडा में गैंग को रोकने की किसी में हिम्मत नहीं है और अब वह कनाडा पर राज करेगा। पत्र में यह भी दावा किया गया कि गैंग के सदस्य पैसे के बदले गोली चलाने के लिए तैयार हैं।कथित पत्र में कनाडा की सरकार और सुरक्षा एजेंसियों को चेतावनी देते हुए गैंग की गतिविधियों में हस्तक्षेप नहीं करने की बात कही गई। रिपोर्ट के मुताबिक, पत्र में पुलिस और सेना का भी उल्लेख किया गया था।

जांच एजेंसियां कर रही हैं पड़ताल

इस पूरे मामले को कनाडा में संगठित अपराध और सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के लिए गंभीर इनपुट के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि पत्र वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई या उसके गैंग की ओर से ही भेजा गया था या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल किया।लॉरेंस बिश्नोई फिलहाल गुजरात की साबरमती जेल में बंद है और उसके गैंग पर भारत के अलावा विदेशों में भी आपराधिक गतिविधियों से जुड़े होने के आरोप लगते रहे हैं। कनाडाई एजेंसियां अब इस कथित पत्र के स्रोत, इसकी सत्यता और इसमें किए गए दावों की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पत्र वास्तव में लॉरेंस गैंग से जुड़ा था या नहीं।

Share this story

Tags