तरनतारन में दिल दहला देने वाली वारदात, एक्सक्लूसिव वीडियो में देंखे पत्नी को ससुराल ले जाने आए पति को साले ने जिंदा जलाया, पति-पत्नी समेत 2 की मौत
पंजाब के तरनतारन जिले में एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां अपनी पत्नी को मायके से ससुराल ले जाने आए एक व्यक्ति पर उसके ही साले ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने आई उसकी भाभी की भी जान चली गई। यह घटना पिछले महीने की बताई जा रही है, लेकिन इसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आने के बाद मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है।
झगड़े के बाद पेट्रोल डालकर लगाई आग
जानकारी के अनुसार, पति अपनी पत्नी को वापस ससुराल ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद और फिर हिंसा में बदल गई।आरोप है कि इसी दौरान साले ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बचाने आई भाभी भी चपेट में आई
इस दर्दनाक घटना में आग की चपेट में आने से पति की मौत हो गई। वहीं, उसे बचाने के लिए आगे आई उसकी भाभी भी बुरी तरह झुलस गई और इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।हैरानी की बात यह रही कि आग लगाने वाला साला भी इस हादसे की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
इस पूरे मामले का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है, जिसमें आरोपियों और पीड़ित के बीच पहले कहासुनी और हाथापाई होती दिखाई दे रही है। इसके बाद अचानक आग लगने पर लोग इधर-उधर भागते नजर आते हैं।फुटेज ने इस दर्दनाक घटना की भयावहता को और भी स्पष्ट कर दिया है।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी साले साजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।मृतकों की पहचान लवप्रीत और गुरजीत के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

