Samachar Nama
×

पंजाब में NEET पेपर लीक को लेकर Gen-Z का प्रदर्शन, जालंधर में छात्रों ने घेरा DC ऑफिस; वीडियो में बोले- ‘धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेकर रहेंगे’ 

पंजाब में NEET पेपर लीक को लेकर Gen-Z का प्रदर्शन, जालंधर में छात्रों ने घेरा DC ऑफिस; वीडियो में बोले- ‘धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेकर रहेंगे’

NEET पेपर लीक मामले को लेकर पंजाब में शनिवार को Gen-Z छात्रों का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। जालंधर में बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतरे और जिला प्रशासन कार्यालय (DC ऑफिस) का घेराव करने पहुंचे। प्रदर्शनकारी छात्रों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि जब तक शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान छात्र अपने हाथों में अलग-अलग तरह के पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे, जिन पर मीम्स और व्यंग्य के जरिए सरकार से सवाल किए गए।

पोस्टरों में दिखा छात्रों का अलग अंदाज

प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों के हाथों में अनोखे पोस्टर नजर आए। इनमें लिखा था- “कुचु पुचु रिजाइन दो, हम नागमणि नहीं इस्तीफा मांग रहे हैं”। छात्रों ने सोशल मीडिया ट्रेंड और मीम्स के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की।छात्रों का कहना है कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में गड़बड़ी लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। इसलिए सरकार को इस मामले में जिम्मेदारी तय करनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

छात्रा ने बताईं तीन प्रमुख मांगें

प्रदर्शन में शामिल छात्रा यगीमा ने कहा कि उनकी मांगें पूरी तरह स्पष्ट हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान जिन छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ, उनका इलाज सरकार की ओर से कराया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक के बाद जिन छात्रों ने आत्महत्या की, उनके परिवारों को मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा छात्रों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी दोहराई।छात्रा ने कहा कि सरकार शिक्षा मंत्री को हटाकर सोनम वांगचुक जैसे लोगों को जिम्मेदारी दे सकती है, जो शिक्षा और युवाओं के मुद्दों को समझते हैं।

DC ऑफिस के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा

छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। DC कॉम्प्लेक्स के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, प्रदर्शनकारी छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने की बात कह रहे हैं।

देशभर में जारी है छात्रों का विरोध

NEET पेपर लीक विवाद को लेकर देश के कई हिस्सों में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर अलग-अलग राज्यों में युवा परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठा रहे हैं।छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में विश्वास बनाए रखने के लिए सरकार को जल्द ठोस कदम उठाने होंगे। अब नजर इस बात पर है कि सरकार और छात्रों के बीच बातचीत के जरिए इस विवाद का समाधान कैसे निकलता है।

Share this story

Tags