बाढ़ से बेहाल हुए पंजाब के लिए अरविन्द केजरीवाल ने मांगी मदद, वीडियो में AAP नेताओं से की एक-एक महीने की सैलरी की मांग
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को सभी राजनीतिक दलों, राज्य सरकारों और खासकर केंद्र सरकार से बाढ़ से जूझ रहे पंजाब की मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आप के सभी सांसद और विधायक बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपना एक महीने का वेतन पंजाब मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष में दान कर रहे हैं।
पंजाब सरकार के मंत्रियों और विधायकों समेत आप के सभी कार्यकर्ता दिन-रात ज़मीनी स्तर पर राहत कार्यों में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश पर आई किसी भी मुसीबत के सामने पंजाब हमेशा खड़ा रहा है। लेकिन आज पंजाब संकट में है। मैं सभी देशवासियों से अपील करता हूँ कि इस मुश्किल घड़ी में पंजाब के लोगों की हर संभव मदद करें। आइए हम सब राजनीति से ऊपर उठकर मानवता का फर्ज निभाएँ और पंजाब को इस भीषण त्रासदी से बचाएँ।
अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को एक वीडियो संदेश जारी कर बाढ़ से जूझ रहे पंजाब के लोगों की मदद की अपील की और कहा कि पंजाब हमारे देश का सिर्फ़ एक राज्य नहीं, बल्कि हिंदुस्तान की एक मज़बूत ढाल है। इतिहास गवाह है कि जब भी कोई विदेशी आक्रांता हमारे देश की ओर बढ़ा, पंजाब ने सबसे पहला वार अपने सीने पर झेला। भारत पर जो भी आक्रमण हुए, पंजाब ने उन्हें अपने सीने पर झेला और पूरे भारत की रक्षा की।
पंजाब हर मुश्किल घड़ी में हमेशा सबसे आगे खड़ा रहा। यह वही पंजाब है, जिसने आज़ादी के यज्ञ में अपने सबसे ज़्यादा सपूतों की आहुति दी और सीमाओं की रक्षा के लिए अनगिनत शहादतें दीं। आज़ादी की लड़ाई में सबसे ज़्यादा पंजाबियों को फाँसी दी गई और सबसे ज़्यादा पंजाबियों को काला पानी भी गया। इस धरती के कण-कण में मर मिटने का जज्बा है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाबियों ने हमेशा भारत माता की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया है ताकि बाकी देश सुरक्षित रह सके। पंजाब पाँच नदियों की पावन धरती है, जिसके जल ने न सिर्फ़ फ़सलों को सींचा है, बल्कि ज्ञान और वीरता की गाथाएँ भी गढ़ी हैं। यह वो धरती है जहाँ वेदों की ऋचाएँ गूंजती थीं, जहाँ गुरुओं की पवित्र वाणी ने राह दिखाई।
जब भारत में अन्न की कमी थी और बढ़ती आबादी का पेट कैसे भरा जाए, इस बात की चिंता थी, तब पंजाब ने हरित क्रांति के दौरान अपनी ज़मीन पर बीज और खाद बोकर पूरे देश के लिए अन्न पैदा किया। पंजाब पूरे देश का पेट भरता है। पंजाब ने पूरे देश के लोगों की भूख मिटाने का बीड़ा उठाया है। आज वही पंजाब संकट में है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज कुदरत ने पंजाब पर ऐसा कहर बरपाया है कि पंजाब बाढ़ की चपेट में आ गया है। पंजाब के खेतों में पानी भर गया है। पंजाब के लोग बेघर और बेरोजगार हो गए हैं। हज़ारों एकड़ फ़सल बर्बाद हो गई है। आपदा की इस घड़ी में आज हर पंजाबी एक-दूसरे की मदद कर रहा है। अपनी परेशानियों को भूलकर हर पंजाबी अपने पड़ोसी की मदद कर रहा है।
मानवता की यह मिसाल सिर्फ़ पंजाब में ही संभव है। मानवता की यही मिसाल दुनिया को राह दिखाती है। आज पंजाब जिस आपदा का सामना कर रहा है, वह कोई साधारण बाढ़ नहीं है, बल्कि 37 साल बाद पंजाब ने इतनी भयंकर तबाही देखी है। एक हज़ार से ज़्यादा गाँव पानी में डूबे हुए हैं, हमारे ढाई लाख से ज़्यादा भाई-बहन एक झटके में बेघर हो गए हैं। उनकी ज़िंदगी भर की कमाई और सपने पानी में डूब गए हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह इतना बड़ा संकट है, जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते। पानी की मात्रा इतनी ज़्यादा है कि प्रभावित लोगों तक पहुँचना आसान नहीं है। अभूतपूर्व संकट की इस घड़ी में, मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार और आम आदमी पार्टी का पूरा संगठन चट्टान की तरह प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है।
"आप" सरकार के सभी मंत्री, विधायक और हर कार्यकर्ता ज़मीन पर मौजूद हैं और दिन-रात राहत कार्यों में लगे हुए हैं। ये लोग ख़ुद नावों में बैठकर गाँव-गाँव जा रहे हैं और पानी में घुसकर फंसे हुए लोगों तक पहुँच रहे हैं, लोगों की जान बचा रहे हैं। सूखे राशन से लेकर पानी, दवा, पशुओं के चारे तक, हर ज़रूरी चीज़ बिना रुके प्रभावित इलाकों में पहुँचाई जा रही है। यह संकट बहुत बड़ा है। संकट की इस घड़ी में पूरा देश पंजाब के साथ खड़ा है।
अरविंद केजरीवाल ने सभी राजनीतिक दलों, राज्य सरकारों और खासकर केंद्र सरकार से हाथ जोड़कर अपील की और कहा, "आइए हम सब राजनीति से ऊपर उठकर मानवता का फर्ज निभाएँ। आइए, हम सब दिल खोलकर पंजाब की मदद करें। मैं सभी देशवासियों से अपील करता हूँ कि हम सब उस पंजाब के लिए अपना योगदान दें जिसने हमेशा देश पर आई हर मुसीबत को अपने सीने पर लिया है, जिस पंजाब ने देश के लोगों का पेट भरा है।"

