PM मोदी के पंजाब दौरे के बाद विवाद: पोस्टर फाड़ने का आरोप, फुटेज में देंखे VIP पास विवाद में भिड़े BJP नेता; स्टेज के पास पहुंचा आवारा कुत्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ और पंजाब दौरे के बाद कई विवाद सामने आए हैं। दौरे के दौरान शुक्रवार रात प्रधानमंत्री के पोस्टर फाड़े जाने का मामला सामने आया, वहीं जालंधर में पीएम की रैली के दौरान भाजपा के पूर्व विधायक शीतल अंगुराल और पंजाब पुलिस के एक डीएसपी के बीच बहस का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री की सभा के दौरान पंडाल में एक आवारा कुत्ते के पहुंचने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
पीएम के पोस्टर फाड़े जाने पर भाजपा ने जताई नाराजगी
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात कई स्थानों पर लगाए गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर फटे हुए मिले। भाजपा का आरोप है कि किसी शरारती तत्व ने इन पोस्टरों को नुकसान पहुंचाया है।भाजपा नेताओं के मुताबिक, सभी पोस्टर एक ही तरीके से फाड़े गए हैं। पोस्टर में जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगी थी, वहां खासतौर पर गर्दन के नीचे वाले हिस्से को फाड़ा गया। पार्टी ने इसे सुनियोजित हरकत बताते हुए जांच की मांग की है।हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस की ओर से भी कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
जालंधर रैली में VIP वाहनों को लेकर विवाद
दूसरा विवाद जालंधर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान सामने आया। भाजपा के पूर्व विधायक शीतल अंगुराल और पंजाब पुलिस के डीएसपी के बीच बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।शीतल अंगुराल ने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व सांसदों और पूर्व मंत्रियों के साथ जानबूझकर परेशानी खड़ी की। उन्होंने दावा किया कि पुलिस कमिश्नर के साथ पहले से तय प्रोटोकॉल के बावजूद डीएसपी ने उनके VIP वाहनों (टेंपो ट्रैवलर्स) को कार्यक्रम स्थल तक जाने से रोक दिया।
पास फाड़ने का भी लगाया आरोप
शीतल अंगुराल ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके पास भी फाड़ दिए गए। उन्होंने कहा कि व्यवस्थामें हुई इस परेशानी के कारण कई बुजुर्ग भाजपा नेताओं को रामा मंडी फ्लाईओवर से पैदल चलकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना पड़ा।उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए था।
प्रधानमंत्री की स्टेज तक पहुंचा आवारा कुत्ता
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से जुड़ा एक और वीडियो सामने आया, जिसमें एक आवारा कुत्ता पंडाल के अंदर पहुंचता दिखाई दे रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुत्ते को बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।सुरक्षा व्यवस्था के बीच कुत्ते के कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। हालांकि, इस घटना में किसी तरह की सुरक्षा चूक को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
दौरे के बाद राजनीतिक माहौल गर्म
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे के बाद सामने आए इन मामलों ने राजनीतिक माहौल को गर्म करदिया है। भाजपा ने जहां पोस्टर फाड़ने और पुलिस व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं, वहीं प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर विस्तृत प्रतिक्रिया का इंतजार है।फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और आने वाले दिनों में इन विवादों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।

