Samachar Nama
×

अमिताभ बच्चन के घर फायरिंग की साजिश का खुलासा, फुटेज में देंखे दिल्ली पुलिस ने दो शार्पशूटर पकड़े: 1984 के सिख दंगों पर कथित बयान को लेकर निशाना बनाने की थी योजना

अमिताभ बच्चन के घर फायरिंग की साजिश का खुलासा, फुटेज में देंखे दिल्ली पुलिस ने दो शार्पशूटर पकड़े: 1984 के सिख दंगों पर कथित बयान को लेकर निशाना बनाने की थी योजना

बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग करने की साजिश का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में दो शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के लिए काम करते हैं। गैंगस्टर कथित तौर पर वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर अमिताभ बच्चन के एक बयान से नाराज था और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, अमिताभ बच्चन पहले ही ऐसा कोई बयान देने से इनकार कर चुके हैं।

दिल्ली के कारोबारी पर फायरिंग करने आया था विकास

पुलिस जांच में सामने आया है कि विकास ठाकुर दिल्ली के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए फायरिंग करने के मकसद से राजधानी आया था। वहीं, दूसरा आरोपी दीपक सिंह अमृतसर में तीन अक्टूबर को हुई इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार, दीपक इस हत्या की वारदात में शामिल था और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।इस मामले में दीपक के साथ शामिल पलविंदर सिंह उर्फ काका को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब दीपक की गिरफ्तारी के बाद इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

मुंबई में रुककर अमिताभ के घर के बाहर फायरिंग करने की थी योजना

पुलिस पूछताछ में दीपक सिंह को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, उसे मुंबई में अधिक समय तक रुकने के लिए कहा गया था। उसकी जिम्मेदारी अमिताभ बच्चन के घर के बाहर पहुंचकर फायरिंग करने की थी। इसके लिए उसे निर्देश दिए गए थे।पुलिस सूत्रों के अनुसार, विदेश में बैठे गैंगस्टर की योजना अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की थी। इसके पीछे वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़ा कथित बयान बताया जा रहा है। गैंगस्टर का मानना था कि अमिताभ ने उस समय दंगों को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। हालांकि, अभिनेता ने इस तरह का कोई बयान देने से साफ इनकार किया है।

विदेश में बैठे गैंगस्टर के नेटवर्क की जांच

दिल्ली पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गैंगस्टर के नेटवर्क और उसके आपराधिक गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग की योजना को अंजाम देने के लिए आरोपियों को किस तरह के निर्देश दिए गए थे और इस साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।जांच एजेंसियां दोनों आरोपियों के आपसी संपर्क, उनकी गतिविधियों और विदेश में बैठे गैंगस्टर से संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं। इस गिरफ्तारी से अमिताभ बच्चन के घर को निशाना बनाने की कथित साजिश का खुलासा हुआ है। हालांकि, मामले में पुलिस की जांच जारी है और साजिश से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

Share this story

Tags