Samachar Nama
×

कॉमेडियन कपिल शर्मा के अमृतसर स्थित घर के बाहर फायरिंग की खबर, वीडियो में जाने पुलिस जांच में जुटी

कॉमेडियन कपिल शर्मा के अमृतसर स्थित घर के बाहर फायरिंग की खबर, वीडियो में जाने पुलिस जांच में जुटी

मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता Kapil Sharma के अमृतसर स्थित घर के बाहर सोमवार को कथित फायरिंग की खबर सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बाइक सवार कुछ हमलावर मौके पर पहुंचे और दो राउंड फायरिंग करने के बाद फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने अभी तक गोली चलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।कपिल शर्मा के परिवार से जुड़े सूत्रों का दावा है कि घटना सोमवार देर शाम हुई। बताया जा रहा है कि हमलावर तेज रफ्तार बाइक पर आए और घर के बाहर फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मामले को लेकर अमृतसर पुलिस तुरंत हरकत में आई। ACP Kamaljeet Singh Aulakh ने मीडिया से बातचीत में कहा कि फिलहाल गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मौके से सबूत जुटाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।जानकारी के मुताबिक, अमृतसर के पॉश इलाके हॉली सिटी में कपिल शर्मा का आलीशान घर स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया। सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए। साथ ही घर और आसपास के VIP मकानों के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना वास्तव में फायरिंग की थी या किसी अन्य तरह की आज को लेकर भ्रम की स्थिति बनी। फिलहाल किसी संगठन या व्यक्ति ने इस कथित हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी मामला तेजी से चर्चा में आ गया। कपिल शर्मा के फैंस उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं और पुलिस से जल्द सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि कपिल शर्मा या उनकी टीम की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि कपिल शर्मा टीवी और फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं और उनकी लोकप्रियता देशभर में काफी ज्यादा है। ऐसे में उनके घर के बाहर कथित फायरिंग की खबर ने मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों को चौंका दिया है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Share this story

Tags