गोल्डी बराड़ पर कनाडा ने घोषित किया 1.62 करोड़ रुपए का इनाम, फुटेज में देंखे मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में टॉप पर पहुंचा गैंगस्टर
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या समेत भारत में कई आपराधिक मामलों में वांटेड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कनाडा ने गोल्डी बराड़ को पकड़ने या उसके ठिकाने के बारे में पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 2.5 लाख कनाडाई डॉलर यानी करीब 1.62 करोड़ रुपए का इनाम घोषित किया है। भारत से फरार गोल्डी बराड़ अब कनाडा के मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में भी शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है।
कनाडा के बीओएलओ (बोलो) कार्यक्रम ने गुरुवार को गोल्डी बराड़ के खिलाफ इनाम की घोषणा की। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस के साथ मिलकर फरार अपराधियों की तलाश करना और उन्हें गिरफ्तार कराने में मदद करना है। इसके तहत आम लोगों से अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाई जाती है। गोल्डी बराड़ के मामले में भी पुलिस ने लोगों से उसकी गतिविधियों और ठिकाने से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी देने की अपील की है।
गोल्डी बराड़ पर इनाम की घोषणा ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई भी उसे अपनी 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल कर चुकी है। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। भारत की सुरक्षा एजेंसियां भी लंबे समय से गोल्डी बराड़ की तलाश कर रही हैं। उस पर कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल होने के आरोप हैं।
सुखदूल सिंह गिल हत्याकांड में भी है तलाश
कनाडा की विनिपेग पुलिस गोल्डी बराड़ उर्फ सतिंदरजीत सिंह की तलाश सुखदूल सिंह गिल की हत्या के मामले में कर रही है। पुलिस के अनुसार, सुखदूल सिंह गिल की 20 सितंबर 2023 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात हैजेल्टन ड्राइव के 200 ब्लॉक में स्थित एक घर में हुई थी। इस हत्याकांड के बाद से पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।इस मामले में 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बराड़ और करनबीर सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। दोनों पर फर्स्ट डिग्री मर्डर यानी सुनियोजित हत्या और हत्या की साजिश रचने के आरोप लगाए गए हैं। कनाडा के कानून में फर्स्ट डिग्री मर्डर का आरोप उन मामलों में लगाया जाता है, जिनमें हत्या योजनाबद्ध तरीके से किए जाने के आरोप होते हैं।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद चर्चा में आया था नाम
गोल्डी बराड़ का नाम पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था। 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गोल्डी बराड़ पर हत्या की जिम्मेदारी लेने और साजिश में शामिल होने के आरोप लगे थे।अब कनाडा की ओर से 2.5 लाख डॉलर का इनाम घोषित किए जाने के बाद गोल्डी बराड़ की तलाश को लेकर अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की गतिविधियां और महत्वपूर्ण हो गई हैं। कनाडाई पुलिस को उम्मीद है कि इनाम की घोषणा से उसे पकड़ने में मदद मिल सकती है। हालांकि, फिलहाल उसकी गिरफ्तारी की कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

