लुधियाना में बाउंसर की गोली मारकर हत्या, कबड्डी खिलाड़ी का सपोर्ट करना पड़ा भारी; दिनदहाड़े बदमाशों ने मारी गोली
पंजाब में क्राइम लगातार बढ़ रहा है। राज्य में लूटपाट, मर्डर और लूटपाट की घटनाएं आम होती जा रही हैं। लुधियाना में भी ऐसी ही एक घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। गंभीर रूप से घायल युवक को पास के हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान जगराओं के हठूर थाना इलाके के मानूके गांव के रहने वाले 32 साल के गगनदीप सिंह के रूप में हुई है। पता चला है कि गगनदीप सिंह गांव के ही एक युवा कबड्डी खिलाड़ी का सपोर्ट कर रहा था और इसी बात को लेकर उसका कुछ दूसरे युवकों से झगड़ा था। सोमवार दोपहर जब गगनदीप सिंह अपने 10-12 साथियों के साथ अनाज मंडी पहुंचा, तो वहां पहले से ही दूसरे ग्रुप के करीब चार युवक मौजूद थे।
दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
भीड़ को देखकर आरोपियों ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। हमले में गगन गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव वाले उसे तुरंत जगराओं सिविल हॉस्पिटल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गगनदीप सिंह पहले कबड्डी खेलता था, लेकिन अब बाउंसर का काम करता है। सूत्रों के मुताबिक, मृतक की पत्नी ने गांव के रहने वाले गुरसेवक सिंह और गुरदीप सिंह समेत कई लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल
मौके पर पहुंची हठूर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दिनदहाड़े गगनदीप की हत्या से इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। परिवार ने आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक बाउंसर तीन बच्चों का पिता था, जिसने अपने पिता को हमेशा के लिए खो दिया है। पुलिस ने दावा किया है कि सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

