अरविंद केजरीवाल और AAP के खिलाफ BJP की साजिश बेनकाब…CM भगवंत मान का बड़ा हमला
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने BJP और मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। रविवार को जंतर-मंतर पर वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में तानाशाही राजनीति को बदलने में पंजाब आम आदमी पार्टी के साथ खड़ा है। 2027 में पंजाब के लोग AAP को 100 सीटें गिफ्ट करेंगे। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और पूरी आम आदमी पार्टी चट्टान की तरह मजबूत इरादे के साथ देश की लड़ाई लड़ रही है।
भगवंत मान ने कहा कि BJP ने AAP को खत्म करने की साजिश रची थी, लेकिन वह साजिश अब देश के सामने बेनकाब हो गई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पंजाब विरोधी है। इसीलिए वह RDF और GST समेत पंजाबियों के हक के करोड़ों रुपये रोक रही है। हम देश में नफरत और झूठ की राजनीति को खत्म करने आए हैं और उस लक्ष्य की ओर सफलतापूर्वक बढ़ रहे हैं।
साजिश के तहत जेल भेजा गया: मान
भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी देश की राजनीति को बदलने और उसमें ईमानदारी लाने आई है। अरविंद केजरीवाल ने दूसरी पॉलिटिकल पार्टियों को अपने मैनिफेस्टो में नफरत और धार्मिक मुद्दों के बजाय स्कूल, हॉस्पिटल, बिजली, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस करने के लिए मजबूर किया है।
भगवंत मान ने कहा कि जब प्राइवेट हॉस्पिटल मालिकों ने शिकायत की कि दिल्ली के सरकारी हॉस्पिटल में फ्री और क्वालिटी इलाज की वजह से उनका बिजनेस ठप हो गया है, तो सत्येंद्र जैन को जेल भेज दिया गया। इसी तरह, जब प्राइवेट स्कूल मालिकों ने शिकायत की कि बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे हैं और वे अब पार्टी को डोनेशन नहीं दे सकते, तो मनीष सिसोदिया को जेल भेज दिया गया। जब पता चला कि फ्री बिजली, फ्री दवाइयां, बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर और बजट 30 करोड़ से बढ़कर 60 हजार करोड़ हो गया है, जिससे चुनाव जीतना मुश्किल हो जाएगा, तो झूठा केस बनाकर अरविंद केजरीवाल और उनकी पूरी टीम को जेल में डाल दिया गया।
भगवंत मान ने कहा कि जब मैं अरविंद केजरीवाल से जेल में मिलने गया, तब भी अरविंद केजरीवाल सिर्फ पंजाब और वहां के लोगों का हालचाल पूछते थे। वे पूछते थे कि क्या लोगों को फ्री बिजली मिल रही है, क्या खेतों के लिए पानी सप्लाई पर काम हो रहा है, और क्या कोई दिक्कत है। उन्होंने हमेशा यही कहा था कि अगर कोई करप्शन में शामिल है, तो उसे जेल में डाल देना चाहिए, क्योंकि हमें देश को बेहतर बनाना है।
पंजाब के साथ सौतेली मां जैसा बर्ताव - मान
भगवंत मान ने कहा कि आज इतिहास खुद को दोहरा रहा है। अरविंद केजरीवाल ने भी जेल से मैसेज दिया कि कोई सरेंडर न करे। आम आदमी पार्टी अब और बड़ी बनेगी। आम आदमी पार्टी एक नेशनल पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि जब कोर्ट का फैसला आया तो लोगों ने उन्हें बधाई दी और कहा कि अब आम आदमी पार्टी को कोई नहीं रोक सकता, जैसे नदी अपना रास्ता खुद बना लेती है, उसे कोई नहीं रोक सकता।
भगवंत मान ने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के साथ सौतेली मां जैसा बर्ताव कर रही है। पंजाबियों ने देश की आजादी के लिए 90% कुर्बानी दी है, फिर भी आज केंद्र सरकार पंजाब के RDF के 8000 करोड़ रुपये रोके हुए है और GST का पैसा नहीं दे रही है। पंजाब में आई ऐतिहासिक बाढ़ के लिए सिर्फ 1600 करोड़ रुपये का ऐलान किया गया था, लेकिन उसमें से कुछ नहीं दिया गया।

