Samachar Nama
×

अरविंद केजरीवाल को लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी, वीडियो में जाने 7 करोड़ रुपए की मांगी रंगदारी; बेटी हर्षिता को भी जान से मारने की चेतावनी, AAP विधायक को आया फोन

अरविंद केजरीवाल को लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी, वीडियो में जाने 7 करोड़ रुपए की मांगी रंगदारी; बेटी हर्षिता को भी जान से मारने की चेतावनी, AAP विधायक को आया फोन

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले एक अज्ञात व्यक्ति ने केजरीवाल से 7 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है। आरोपी ने पैसे नहीं देने पर अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी है। इस मामले में दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

विधायक का आरोप है कि आरोपी ने उनके निजी मोबाइल नंबर पर फोन और वॉट्सऐप मैसेज भेजकर यह धमकी दी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

6 नवंबर को आया था धमकी भरा फोन और मैसेज

AAP विधायक जरनैल सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि 6 नवंबर 2026 को शाम करीब 6 बजे उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था। इसके बाद उसी नंबर से उनके वॉट्सऐप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया।

शिकायत के मुताबिक, फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया और कहा कि अरविंद केजरीवाल को 7 करोड़ रुपए देने के लिए कह दो। अगर पैसे नहीं दिए गए तो अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मार दिया जाएगा।आरोपी ने फोन पर धमकी देने के साथ वॉट्सऐप मैसेज में भी इसी मांग को दोहराया। विधायक ने इस संदेश का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपा है।

मोहाली पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

धमकी मिलने के बाद विधायक जरनैल सिंह ने मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायत दी। उन्होंने आरोपी के खिलाफ रंगदारी मांगने, आपराधिक धमकी देने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई की मांग की।शिकायत के आधार पर 7 नवंबर को मोहाली के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। मामले की जांच इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।

मोबाइल नंबर और IP लॉग की जांच कर रही पुलिस

पुलिस अब आरोपी तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच कर रही है। इसके तहत संबंधित मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), IP लॉग और लोकेशन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाला व्यक्ति कौन है और इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।विधायक ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने और उसके नेटवर्क का पता लगाने की मांग की है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय करने का भी आग्रह किया है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध की जांच बाकी

फिलहाल धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान सामने नहीं आई है। उसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है, लेकिन पुलिस जांच में उसके इस गैंग से वास्तविक संबंध की पुष्टि होना अभी बाकी है।इस घटना के बाद अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Share this story

Tags