दिल्ली से अमृतसर जा रही एअर इंडिया फ्लाइट भटकी, वीडियो में जाने पाकिस्तान के एयरस्पेस में घुसी; चेतावनी के बाद लौटाया गया
दिल्ली से अमृतसर जा रही एअर इंडिया की एक फ्लाइट सोमवार रात उड़ान के दौरान निर्धारित मार्ग से भटककर पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई। पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) अथॉरिटी ने स्थिति का पता चलते ही विमान को चेतावनी दी, जिसके बाद उसे भारतीय सीमा की ओर वापस भेजा गया। इस घटना के बाद विमानन सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
तकनीकी खराबी के कारण भटका विमान
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमान में आई तकनीकी खराबी के कारण फ्लाइट अपने तय मार्ग से विचलित हो गई थी। विमान ने दिल्ली से उड़ान भरी थी और उसे अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरना था। हालांकि, रास्ता भटकने के चलते वह कुछ समय के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में पहुंच गई।
अमृतसर में ट्रैफिक बढ़ने पर दिल्ली लौटाई गई फ्लाइट
पाकिस्तान के एयरस्पेस से वापस लौटने के बाद विमान को अमृतसर पहुंचना था, लेकिन तब तक अमृतसर एयरपोर्ट पर हवाई यातायात बढ़ चुका था। ऐसे में एयर ट्रैफिक प्रबंधन को देखते हुए फ्लाइट को वापस दिल्ली भेज दिया गया। यात्रियों को बाद में वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए उनके गंतव्य तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मामले की जांच शुरू
घटना के बाद विमानन अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि तकनीकी खराबी किस वजह से हुई और फ्लाइट अपने निर्धारित मार्ग से कैसे भटक गई। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किस स्तर तक किया गया।
हाल ही में पाकिस्तान की फ्लाइट भी भटकी थी
गौरतलब है कि इससे पहले 12 जून को पाकिस्तान की एक यात्री विमान भी खराब मौसम के कारण भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई थी। यह फ्लाइट लाहौर एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ समय बाद अपने मार्ग से भटक गई थी। हालांकि, तकनीकी गड़बड़ी और मौसम संबंधी समस्या का अंदेशा होते ही विमान को तुरंत वापस पाकिस्तानी एयरस्पेस में ले जाया गया था।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
भारत और पाकिस्तान के बीच संवेदनशील संबंधों को देखते हुए दोनों देशों के हवाई क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन जाती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी घटनाओं से बचने के लिए नेविगेशन सिस्टम और एयर ट्रैफिक मॉनिटरिंग को और अधिक मजबूत बनाने की जरूरत है।

