128 केस, गैंगस्टरों का गुरु और अब 'मोस्ट वॉन्टेड' लिस्ट में नाम, जानिए कौन है लॉरेंस बिश्नोई का मेंटॉर जग्गू भगवानपुरिया?

पंजाब के बटाला में बठिंडा जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां और एक अन्य व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने जग्गू की मां और उसके अंगरक्षक पर अंधाधुंध फायरिंग की। उन्हें बटाला सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। इस हत्या की जिम्मेदारी दविंदर बंबीहा गैंग ने ली है। बटाला के एसपी परमवीर सिंह ने बताया कि गोलियां चलाने के बाद हमलावर तुरंत भाग गए। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। हत्यारों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है।
पुलिस हत्या के पीछे की वजह भी तलाशने की कोशिश कर रही है। भगवानपुर में रहने वाली जग्गू की मां का नाम हरजीत कौर था। वह एक बार ग्राम पंचायत की सदस्य भी चुनी जा चुकी हैं। जग्गू भगवानपुरिया पंजाब पुलिस की हिरासत में है। उसे सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा उसे पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत भी गिरफ्तार किया गया था। उसे असम की सिलचर जेल से बठिंडा सेंट्रल जेल लाया गया है। कौन है जग्गू भगवानपुरिया? जगदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया गुरदासपुर का रहने वाला है। उसके खिलाफ कुल 128 मामले दर्ज हैं। उस पर हत्या से लेकर ड्रग तस्करी तक के मामले दर्ज हैं। फ्री प्रेस जर्नल के मुताबिक वह लॉरेंस बिश्नोई का गुरु है। इसके अलावा पंजाब में लोग उसके नाम से खौफ खाते हैं।
उसके बारे में एनसीबी ने कहा था कि वह अंतरराष्ट्रीय अपराधियों से जुड़ा हुआ है। उसका ड्रग तस्करी का धंधा अमेरिका, कनाडा और पाकिस्तान से चलता है और वह इन जगहों पर आता-जाता रहता है। बताया जा रहा है कि बंबीहा गैंग और जग्गू के बीच चल रही गैंगवार में उसकी मां की हत्या हो चुकी है। इस हत्या की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर गोपी घनश्यामपुरिया नाम के अकाउंट से ली गई है। उसने खुद को बंबीहा गैंग से जुड़ा बताया है। हरजीत कौर के साथ मारा गया करणवीर सिंह उनका रिश्तेदार था और उनके साथ ही रहता था।
पंजाब के गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले में जग्गू भगवानपुरिया का नाम आने के बाद दोनों गैंगस्टर एक-दूसरे के जानी दुश्मन बन गए थे। तरनतारन की गोइंदवाल जेल में गैंगवार हुई थी। इस दौरान जग्गू के साथी मनदीप तूफान और मोहना मानसा की हत्या कर दी गई थी। लॉरेंस के करीबी गोल्डी बराड़ ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद से ही दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई थी।