Samachar Nama
×

गुडिंचा मंदिर में भगदड़ से मातम में बदली आस्था! रथ यात्रा के दौरान हुआ बड़ा हादसा, 3 लोगों की मौत दर्जनों लोग घायल 

गुडिंचा मंदिर में भगदड़ से मातम में बदली आस्था! रथ यात्रा के दौरान हुआ बड़ा हादसा, 3 लोगों की मौत दर्जनों लोग घायल 

ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान एक दुखद घटना घटी। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे जब श्री गुंडिचा मंदिर के सामने भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए थे, तो धक्का-मुक्की और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत पुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह घटना श्री गुंडिचा मंदिर के सामने शारदाबली के पास हुई, जब रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी।

भीड़ के नीचे दबकर तीन लोगों की मौत

दर्शन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया और लोग धक्का-मुक्की करने लगे। कुछ लोग जमीन पर गिर गए और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान भीड़ के नीचे दबकर 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक खुर्दा जिले के बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो महिलाएं प्रभाती दास और बसंती साहू तथा 70 वर्षीय प्रेमकांत महंती शामिल हैं।

घायलों में से कुछ की हालत गंभीर

लाखों लोगों के जुटने वाले इतने बड़े धार्मिक आयोजन में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी पर सवाल उठ रहे हैं। घटना में घायल हुए लोगों को तत्काल 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनका इलाज कर रही है। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हर साल लाखों श्रद्धालु रथ यात्रा में शामिल होते हैं

पुरी की रथ यात्रा देश की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में से एक है। हर साल लाखों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन के लिए पुरी पहुंचते हैं। रथ यात्रा के दौरान भगवान को श्रीमंदिर से बाहर निकालकर श्री गुंडिचा मंदिर ले जाया जाता है, जहां वे कुछ दिनों तक विश्राम करते हैं। इसी यात्रा के दौरान यह हादसा हुआ।

Share this story

Tags