Samachar Nama
×

ओडिशा में फिल्मी अंदाज में ATM लूट की कोशिश: वीडियो में जाने थार से मशीन उखाड़कर 300 मीटर तक घसीटा, लेकिन एक रुपया भी नहीं ले जा सके

ओडिशा में फिल्मी अंदाज में ATM लूट की कोशिश: वीडियो में जाने थार से मशीन उखाड़कर 300 मीटर तक घसीटा, लेकिन एक रुपया भी नहीं ले जा सके

ओडिशा के बालासोर जिले में एटीएम लूट की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के तुड़ीगड़िया बाजार में बदमाशों ने देर रात फिल्मी अंदाज में एटीएम उखाड़कर ले जाने की कोशिश की। आरोपियों ने महिंद्रा थार एसयूवी की मदद से पूरी एटीएम मशीन को कियोस्क से उखाड़ लिया और उसे सड़क पर घसीटते हुए ले गए। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद वे मशीन में रखा कैश निकालने में सफल नहीं हो सके और खाली हाथ फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब दो बजे की है। तीन से चार बदमाश काले रंग की महिंद्रा थार एसयूवी में सवार होकर इंडिया1 एटीएम कियोस्क पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने कियोस्क का दरवाजा तोड़ा और फिर एटीएम मशीन को रस्सी से वाहन के पीछे बांधकर उसे उखाड़ लिया।

सड़क पर घसीटते रहे ATM

एटीएम उखाड़ने के बाद आरोपी मशीन को थार से बांधकर सड़क पर घसीटते हुए ले जाने लगे। इसी दौरान बीच रास्ते में रस्सी टूट गई। इसके बाद बदमाशों ने मशीन को उठाकर गाड़ी में रखने की कोशिश की, लेकिन भारी वजन होने के कारण वे इसमें सफल नहीं हो सके। बाद में उन्होंने दोबारा मशीन को वाहन से बांधा और उसे आगे तक घसीटते हुए ले गए।

कैश निकालने की कोशिश भी रही नाकाम

पुलिस के मुताबिक, बदमाश सुनसान जगह पर पहुंचकर एटीएम मशीन को तोड़ने और उसके भीतर रखा कैश निकालने का प्रयास करने लगे। लेकिन मशीन का सुरक्षा तंत्र इतना मजबूत था कि वे उसे पूरी तरह नहीं तोड़ सके। काफी कोशिशों के बाद भी कैश तक पहुंचने में नाकाम रहने पर आरोपी एटीएम को वहीं छोड़कर फरार हो गए।

300 मीटर दूर मिली क्षतिग्रस्त मशीन

जांच के दौरान पुलिस को क्षतिग्रस्त एटीएम मशीन कियोस्क से करीब 300 मीटर दूर सड़क किनारे मिली। अधिकारियों ने बताया कि मशीन को नुकसान जरूर पहुंचा है, लेकिन उसमें रखा एक भी रुपया चोरी नहीं हुआ। घटना के बाद बैंक और एटीएम सेवा प्रदाता को भी इसकी सूचना दे दी गई है।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच

पूरी वारदात एटीएम कियोस्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।

इस घटना ने एक बार फिर एटीएम सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर जांच तेज कर दी है और लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Share this story

Tags