मणिपुर में फिर हिंसा: 2 लोगों की गोली मारकर हत्या, फुटेज में देंखे 30 घरों में आग; लगातार घटनाओं से तनाव बढ़ा
Manipur में एक बार फिर हिंसा की घटनाओं ने हालात को गंभीर बना दिया है। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे कामजोंग जिले के कुलतूह कुकी गांव में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा गोलीबारी की घटना सामने आई, जिसमें कुकी समुदाय के 2 लोगों की मौत हो गई। इस हमले के बाद इलाके में दहशत फैल गई और कई घरों में आगजनी की गई।
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने गांव में करीब 30 घरों को आग के हवाले कर दिया, जिससे बड़ी संख्या में लोग बेघर हो गए। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षाबलों ने इलाके में तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही कांगपोकपी जिले से एक और गंभीर मामला सामने आया था। वहां नगा समुदाय के 6 लोगों के शव बरामद किए गए थे। आशंका जताई जा रही है कि ये वही लोग हैं जिन्हें 13 मई को लीलोन वैफेई गांव से कथित तौर पर अगवा किया गया था।
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।Manipur Police के अनुसार, दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन हमलों के पीछे कौन लोग शामिल हैं। साथ ही इलाके में शांति बनाए रखने के लिए स्थानीय समुदायों से अपील भी की गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार हो रही हिंसक घटनाएं राज्य में पहले से मौजूद जातीय तनाव को और गहरा कर सकती हैं। ऐसे में सुरक्षा और संवाद दोनों स्तर पर प्रयासों की आवश्यकता है ताकि स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सके।फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

