तहसील कार्यालय में महिलाओं ने अर्जीनवीस को चप्पलों से पीटा, अभद्रता के आरोप में किया हंगामा; वीडियो वायरल
केसली तहसील कार्यालय में गुरुवार शाम उस समय हंगामा मच गया, जब आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने एक अर्जीनवीस (दस्तावेज लेखक) की चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। महिलाओं ने कर्मचारी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। घटना के दौरान कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं ने कर्मचारी को कमरे से बाहर निकालकर पहले उसके चेहरे पर चप्पलें मारीं। इसके बाद जब उसने भागने की कोशिश की तो महिलाओं ने गैलरी में घेरकर उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम केसली तहसील कार्यालय में आजीविका मिशन से जुड़ी कुछ महिलाएं पहुंचीं। वहां किसी बात को लेकर उनका एक अर्जीनवीस के साथ विवाद हो गया। महिलाओं का आरोप था कि कर्मचारी ने उनके साथ अभद्रता की थी। इसी बात को लेकर महिलाएं नाराज हो गईं और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
कमरे से बाहर निकालकर चप्पलों से किया हमला
घटना के वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक महिला रोते और चिल्लाते हुए तहसील कार्यालय के एक कमरे का दरवाजा खोलती है। कमरे के अंदर अर्जीनवीस मौजूद था। महिला उसे बाहर निकालती है। इसी दौरान पीछे खड़ी दूसरी महिला हाथ में चप्पल लेकर कर्मचारी के चेहरे पर मारना शुरू कर देती है।
अचानक हुए हमले से कर्मचारी घबरा जाता है और खुद को बचाने की कोशिश करता है। वह महिलाओं के बीच से निकलकर भागने का प्रयास करता है, लेकिन महिलाएं उसका पीछा करते हुए गैलरी तक पहुंच जाती हैं।
गैलरी में घेरकर बरसाईं चप्पलें
कमरे से बाहर निकलने के बाद कर्मचारी को महिलाओं ने कार्यालय की गैलरी में घेर लिया। इसके बाद महिलाओं ने उस पर चप्पलों से कई वार किए। कर्मचारी लगातार खुद को बचाने और वहां से निकलने की कोशिश करता रहा। महिलाओं की इस कार्रवाई से तहसील कार्यालय परिसर में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
कुछ देर तक चले हंगामे के बाद कर्मचारी किसी तरह महिलाओं के चंगुल से खुद को छुड़ाने में सफल रहा। इसके बाद वह दौड़कर मौके से भाग गया। घटना के दौरान कार्यालय परिसर में मौजूद लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे।
अभद्रता के आरोप के बाद हुई मारपीट
महिलाओं ने अर्जीनवीस पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की। हालांकि, आरोपों की वास्तविकता और विवाद की पूरी वजह को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
फिलहाल इस घटना ने तहसील कार्यालय की सुरक्षा और सरकारी परिसर में हुए हंगामे को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में महिलाओं के आरोपों और कर्मचारी के पक्ष की जानकारी सामने आने के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

