मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान किए गए एक विस्फोट का वीडियो सामने आया है। यह घटना 23 जून की रात की बताई जा रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जुलूस के दौरान किए गए अलग-अलग करतब और विस्फोट दिखाई दे रहे हैं।
क्रेन से 40 फीट ऊंचाई पर लटकाई गई वैन
जानकारी के अनुसार, बड़नगर के अडान मोहल्ले से निकले मोहर्रम जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। इस दौरान एक वैन को क्रेन की मदद से करीब 40 फीट की ऊंचाई पर लटकाया गया। वैन के ऊपर दो युवक खड़े होकर लाल झंडे लहराते नजर आए। इसके बाद वैन में विस्फोट किया गया, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
वैन पर लिखा था 'ले फिर आ गए'
जिस वैन में विस्फोट किया गया, उस पर 'ले फिर आ गए' लिखा हुआ था। वायरल वीडियो में विस्फोट के अलावा युवकों द्वारा किए गए विभिन्न हैरतअंगेज प्रदर्शन भी दिखाई दे रहे हैं। कुछ अन्य वीडियो में भी अलग-अलग प्रकार के विस्फोट और करतब नजर आ रहे हैं।
हुसैनी अखाड़ा के कार्यक्रम का वीडियो भी सामने आया
इसी दौरान हुसैनी अखाड़ा शाहजलालपुरा के कार्यक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक युवक को ऊंचाई पर लटकाकर पारंपरिक प्रदर्शन किए जाते हुए देखा जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
वीडियो की जांच और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट किस सामग्री से किया गया और इसके लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी या नहीं। मामले को लेकर संबंधित अधिकारी वीडियो और घटना की जांच कर रहे हैं। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

