Samachar Nama
×

शराब की पार्टी में एक पैग बनाने को लेकर भिड़े चाचा-भतीजे, चाकू मारकर कर दी हत्या; फिर खुद थाने पहुंच सुनाई झूठी कहानी, अब मिली उम्रकैद

शराब की पार्टी में एक पैग बनाने को लेकर भिड़े चाचा-भतीजे, चाकू मारकर कर दी हत्या; फिर खुद थाने पहुंच सुनाई झूठी कहानी, अब मिली उम्रकैद

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शराब की पार्टी के दौरान एक पैग बनाने को लेकर हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि भतीजे ने अपने ही चाचा की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए ऐसी कहानी रची कि शुरुआती जांच में पुलिस भी उलझ गई। अगले दिन वह खुद थाने पहुंचा और चाचा की हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा किए जाने की सूचना दी। उसने पुलिस को बताया कि घटना के समय उसके चाचा तीन लोगों के साथ थे। हालांकि, पुलिस की जांच, डीएनए रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों ने उसकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। अब अदालत ने आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

खेत में चल रही थी शराब और खाने की पार्टी

यह मामला भोपाल के बिलखिरिया थाना क्षेत्र का है। घटना 7 दिसंबर 2025 की है। जानकारी के मुताबिक, लीला गिरी अपने खेत में बने एक टपरे में रहते थे। घटना वाले दिन शाम करीब 4:30 बजे वहां कुछ लोग बाटी और मुर्गा बना रहे थे। इसी दौरान शराब की पार्टी भी चल रही थी।पार्टी के बीच शराब का एक पैग बनाने को लेकर लीला गिरी और उनके भतीजे आनंद गिरी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। बताया जाता है कि चाचा ने गुस्से में भतीजे को गालियां दे दीं। इससे नाराज होकर आनंद ने चाकू निकाल लिया और अपने चाचा पर हमला कर दिया। चाकू के वार से लीला गिरी की मौके पर ही मौत हो गई।

अगले दिन खुद थाने पहुंचा और सुनाई मनगढ़ंत कहानी

हत्या के बाद आरोपी आनंद ने पुलिस को गुमराह करने की योजना बनाई। 8 दिसंबर को वह खुद बिलखिरिया थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसके चाचा टपरे में मृत अवस्था में पड़े हैं। उसने दावा किया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके पेट पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी है।आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि वारदात के समय उसके चाचा तीन लोगों के साथ थे। इसके बाद पुलिस ने जहूर, सुगर और जीतेंद्र सेन नाम के लोगों से पूछताछ की। शुरुआत में पुलिस इसी दिशा में जांच करती रही, लेकिन धीरे-धीरे आनंद के बयानों और घटनाक्रम में विरोधाभास सामने आने लगे।

शर्ट पर मिला खून, डीएनए जांच से खुला राज

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की शर्ट पर खून के निशान मिले। इसके बाद कपड़ों की डीएनए जांच कराई गई। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि शर्ट पर लगा खून मृतक लीला गिरी का था।पुलिस ने आनंद की निशानदेही पर छिपाकर रखा हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया। चाकू पर भी मृतक का खून पाया गया। इन वैज्ञानिक साक्ष्यों ने आरोपी की कहानी को गलत साबित कर दिया।

कई गवाह मुकर गए, फिर भी मिली उम्रकैद

मामले की सुनवाई के दौरान कई गवाह अपने बयानों से मुकर गए, लेकिन तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य अभियोजन के लिए महत्वपूर्ण साबित हुए। अदालत में ई-साक्ष्य पोर्टल पर अपलोड की गई जांच और जब्ती की वीडियोग्राफी भी पेश की गई।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने 13 नवंबर 2026 को आनंद गिरी को हत्या का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। अदालत ने हत्या के लिए आजीवन कारावास के साथ एक हजार रुपये जुर्माना भी लगाया। इसके अलावा अन्य धाराओं में भी सजा सुनाई गई।इस तरह शराब की पार्टी में एक पैग को लेकर शुरू हुआ विवाद चाचा की हत्या तक पहुंच गया। वारदात छिपाने के लिए आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों के सामने उसकी झूठी कहानी टिक नहीं सकी।

Share this story

Tags