कल से बुलडोजर चलने का अल्टीमेटम, बेघर होने के डर से 5 महिलाओं ने खाया जहरीला पदार्थ; भोपाल के ऐशबाग में 600 क्वार्टर खाली कराने की तैयारी
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में जनता क्वार्टर खाली कराने को लेकर तनाव बढ़ गया है। हाउसिंग बोर्ड ने करीब 600 जर्जर क्वार्टर खाली करने के लिए 13 नवंबर तक का समय दिया था। इसके बाद 14 नवंबर यानी शनिवार से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित थी। बेघर होने की आशंका और पुनर्वास की मांग के बीच गुरुवार को पांच महिलाओं ने जहरीला पदार्थ खा लिया। सभी को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है
600 क्वार्टर खाली करने का दिया नोटिस
ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में करीब 600 ईडब्ल्यूएस आवास हैं। मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड ने इन भवनों को जर्जर बताते हुए रहवासियों को मकान खाली करने और सामान हटाने का अंतिम नोटिस जारी किया था। बोर्ड के अनुसार, नगर निगम ने इन इमारतों को मई 2016 में ही खतरनाक घोषित कर दिया था।
हाउसिंग बोर्ड के रिकॉर्ड के मुताबिक, 600 क्वार्टरों में करीब 110 वैध मूल आवंटी हैं, जबकि बाकी आवासों पर अनधिकृत कब्जे बताए गए हैं। बोर्ड की योजना के तहत पुनर्विकास नीति-2022 के अंतर्गत पुराने भवनों को हटाकर आधुनिक बहुमंजिला आवासीय परिसर बनाया जाना है।
घर के बदले घर देने की मांग कर रहे रहवासी
नोटिस मिलने के बाद से ही स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। रहवासियों की मांग है कि मकान तोड़ने से पहले उनके रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि वर्षों से यहां रहने वाले परिवार अचानक अपना सामान लेकर कहां जाएंगे और किराए पर मकान लेना भी उनके लिए मुश्किल है।
हाउसिंग बोर्ड की योजना के अनुसार, पात्र मूल आवंटियों को मौजूदा आवास से 20 प्रतिशत अधिक क्षेत्रफल का नया फ्लैट देने और निर्माण अवधि के दौरान कलेक्टर दर से मासिक किराया उपलब्ध कराने का प्रावधान है। हालांकि, जिन लोगों को वैध आवंटी नहीं माना गया है, उन्हें इस योजना का लाभ मिलने को लेकर चिंता बनी हुई है।
हमीदिया अस्पताल में महिलाओं का इलाज
गुरुवार को विरोध के बीच पांच महिलाओं द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की घटना सामने आई। सभी को तत्काल हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा है। इससे पहले भी एक महिला द्वारा आत्महत्या की कोशिश किए जाने की खबर सामने आई थी। बेदखली की आशंका के चलते इलाके के लोगों में तनाव का माहौल है।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई फिलहाल टली
हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई के लिए पर्याप्त पुलिस बल मिलने के बाद नई तारीख तय की जाएगी। फिलहाल प्रस्तावित कार्रवाई को टाल दिया गया है। ऐसे में 14 नवंबर से बुलडोजर चलने की पहले की योजना पर तत्काल अमल नहीं होगा। अब रहवासियों के पुनर्वास और जर्जर भवनों को हटाने के बीच समाधान निकालने की चुनौती प्रशासन के सामने है।

