सागर में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत, खाद्य सुरक्षा विभाग ने 3 दुकानों से 48 बोतलें जब्त कीं: देशी मसाला शराब के नमूने जांच के लिए भेजे, गड़बड़ी मिलने पर होगी कार्रवाई
मध्य प्रदेश के सागर जिले में शराब पीने के बाद दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बंडा क्षेत्र की तीन शराब दुकानों पर छापेमारी कर देशी मसाला शराब की 48 बोतलें जांच के लिए जब्त की हैं। सभी नमूने प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। वहीं, पुलिस और आबकारी विभाग भी मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि शराब में मिलावट या किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की पुष्टि अभी नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
यह मामला सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा रामचंद्र का है। यहां गुरुवार को शराब पीने के बाद दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। मृतकों की पहचान कमलेश लोधी (45) और चंद्रभान लोधी (42) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। दोनों ने डीसीआर ब्रांड की लाल मसाला शराब पी थी। इसके बाद एक की घर पर मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
तीन शराब दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा
कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बंडा क्षेत्र की तीन शराब दुकानों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह के नेतृत्व में टीम ने बस स्टैंड बंडा, जमुनिया और सागर-छतरपुर फोरलेन रोड स्थित शराब दुकानों पर कार्रवाई की।
इस दौरान प्रत्येक दुकान से 180 मिलीलीटर की 16-16 बोतलें नमूने के रूप में जब्त की गईं। इस तरह कुल 48 बोतलों को सीलबंद कर जांच के लिए लिया गया। जांच के दायरे में आई देशी मसाला शराब का निर्माण और पैकेजिंग सागर के ग्राम मेहर, झांसी रोड स्थित डीसीआर डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड में किया गया है।
विभाग ने संबंधित लाइसेंसधारी, दुकानदारों और निर्माता कंपनी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों के तहत नोटिस भी जारी किए हैं। सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी या गड़बड़ी मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दोनों मृतकों को पहले से थी बीमारी
पुलिस के अनुसार, दोनों मृतकों की मेडिकल हिस्ट्री की भी जांच की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि कमलेश लोधी पहले से बवासीर की बीमारी से पीड़ित था और उसे लगातार रक्तस्राव की शिकायत रहती थी। वहीं, चंद्रभान भी पहले से बीमार था। उसे खून की उल्टियां होने की शिकायत भी थी।
शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं और उनकी पुरानी बीमारियों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।
खाली शराब के क्वार्टर भी किए जब्त
दोनों की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की टीम गांव पहुंची। मृतकों के घरों और आसपास के स्थानों पर जांच के दौरान शराब के खाली क्वार्टर मिले। टीम ने इन्हें जब्त कर लिया है। शराब के नमूने भी परीक्षण के लिए भेजे गए हैं।प्रारंभिक जानकारी में शराब सरकारी दुकान से खरीदने की बात सामने आई है। हालांकि, शराब की गुणवत्ता और मौतों के बीच संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पहले भी जहरीली शराब से हुई थीं कई मौतें
सागर के बंडा क्षेत्र में इससे पहले भी जहरीली शराब से जुड़ा बड़ा मामला सामने आ चुका है। उस घटना में 36 से अधिक लोगों की मौत होने की खबर आई थी। अब दोबारा शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत से इलाके में चिंता बढ़ गई है।फिलहाल प्रशासन की नजर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि जब्त शराब निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप है या नहीं। जांच में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित दुकानदारों और निर्माता कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

