ट्विशा शर्मा मौत मामला: CBI जांच तेज, दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिली; फुटेज में देंखे भोपाल जेल में रिटायर्ड जज से महिला आयोग की मुलाकात
ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच अब तेज हो गई है। इस केस में जांच कर रही सीबीआई को दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिल गई है। एजेंसी अब मेडिकल, डिजिटल और फोरेंसिक सबूतों का गहन विश्लेषण कर रही है ताकि मामले की हर परत को स्पष्ट किया जा सके।जानकारी के अनुसार, जांच टीम विशेष रूप से प्रेग्नेंसी, संभावित अबॉर्शन, शरीर पर मिले चोटों के निशान और फांसी के फंदे से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इन सभी बिंदुओं का मिलान मेडिकल रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों से किया जा रहा है, ताकि मौत के कारणों को लेकर किसी भी तरह की अस्पष्टता दूर की जा सके।
इसी बीच, मध्य प्रदेश महिला आयोग की एक टीम ने भोपाल सेंट्रल जेल में ट्विशा शर्मा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह से मुलाकात की। जेल में मुलाकात के दौरान गिरिबाला सिंह को देवदत्त पटनायक की पुस्तक ‘द प्रेग्नेंट किंग’ पढ़ते हुए देखा गया। बताया जा रहा है कि आयोग की टीम को देखते ही उन्होंने तुरंत किताब बंद कर दी।
महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव ने मुलाकात के दौरान उनसे जेल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसमें भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य बुनियादी व्यवस्थाएं शामिल थीं। पूछताछ के दौरान गिरिबाला सिंह ने किसी भी प्रकार की शिकायत से इनकार किया और कहा कि उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं है और जेल में सभी व्यवस्थाएं सामान्य हैं।
इस हाई-प्रोफाइल मामले ने पहले ही काफी ध्यान आकर्षित किया है और अब सीबीआई की दूसरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद जांच और भी निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। जांच एजेंसियां सभी तकनीकी और मेडिकल पहलुओं को जोड़कर एक स्पष्ट निष्कर्ष तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। फिलहाल, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच पूरी तरह गोपनीय तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है और अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों के सत्यापन के बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने लाया जाएगा।

