Samachar Nama
×

अवैध शराब से भरे ट्रक ने TI को कुचला, फुटेज में देंखे इलाज के दौरान मौत: देवास में तस्करी रोकने पहुंचे थे थाना प्रभारी; ड्राइवर ने डिवाइडर पर चढ़ाकर भगाया वाहन

अवैध शराब से भरे ट्रक ने TI को कुचला, फुटेज में देंखे इलाज के दौरान मौत: देवास में तस्करी रोकने पहुंचे थे थाना प्रभारी; ड्राइवर ने डिवाइडर पर चढ़ाकर भगाया वाहन

मध्य प्रदेश के देवास में अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे पुलिस अधिकारी की ट्रक से कुचलने के बाद मौत हो गई। खातेगांव थाने के थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी रविवार देर रात पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान अवैध शराब से भरे ट्रक के ड्राइवर ने वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर भगाने की कोशिश की। ट्रक का पिछला पहिया थाना प्रभारी के ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।घटना रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे इंदौर-बैतूल हाईवे की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके से अवैध शराब से भरा एक ट्रक गुजरने वाला है। इस सूचना के आधार पर खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। दूसरी तरफ नेमावर पुलिस की टीम भी इसी ट्रक का पीछा कर रही थी।

ड्राइवर को बाहर आने के लिए कहा, तभी बढ़ा दिया ट्रक

पुलिस टीम को संदिग्ध ट्रक हाईवे पर डिवाइडर के किनारे खड़ा मिला। इसके बाद थाना प्रभारी दिलीप पुरी ट्रक के पास पहुंचे और ड्राइवर को वाहन से बाहर आने के लिए कहा। पुलिस कार्रवाई शुरू होने से पहले ही ड्राइवर ने ट्रक को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया।बताया गया कि ड्राइवर ने ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर वहां से निकालने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया थाना प्रभारी दिलीप पुरी के ऊपर चढ़ गया। हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। घायल टीआई को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

दो घंटे तक चला इलाज, CPR देने के बाद भी नहीं बची जान

अस्पताल में डॉक्टरों ने थाना प्रभारी को बचाने की पूरी कोशिश की। करीब दो घंटे तक CPR और अन्य जरूरी उपचार दिया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।अस्पताल के डॉक्टर शैलेन्द्र ने बताया कि थाना प्रभारी की हालत बेहद गंभीर थी। उनके मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। शरीर से काफी ज्यादा खून बह चुका था और कई अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। शरीर पर कई जगह फ्रैक्चर भी थे। डॉक्टरों ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

अवैध शराब की तस्करी की सूचना पर पहुंचे थे TI

दिलीप पुरी अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस टीम के साथ हाईवे पर पहुंचे थे। जिस ट्रक को पुलिस पकड़ने की कोशिश कर रही थी, उसमें अवैध शराब भरी हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की भूमिका और शराब की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।इस घटना ने एक बार फिर अवैध शराब की तस्करी और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ड्यूटी के दौरान थाना प्रभारी की मौत से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

Share this story

Tags