भोपाल में BRICS सांस्कृतिक सम्मेलन का दूसरा दिन आज, संस्कृति मंत्रियों के घोषणा पत्र के मसौदे पर होगा मंथन
भोपाल में आयोजित हो रहे BRICS सांस्कृतिक सम्मेलन-2026 का गुरुवार को दूसरा दिन है। इस दौरान ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि सांस्कृतिक सहयोग को लेकर अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। बैठक में ब्रिक्स देशों के संस्कृति मंत्रियों के घोषणा पत्र (Declaration) के मसौदे पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही सांस्कृतिक विरासत संरक्षण, संग्रहालयों, रचनात्मक उद्योगों और आपसी सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे विषयों पर भी मंथन होगा।
भारत की BRICS अध्यक्षता के तहत आयोजित इस चार दिवसीय सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों और साझेदार देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करना और साझा सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है।
सांस्कृतिक सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा
दूसरे दिन होने वाली बैठक में संस्कृति कार्य समूह (Culture Working Group) घोषणा पत्र के प्रारूप पर चर्चा करेगा। इसमें सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा, संग्रहालयों का विकास, सांस्कृतिक और रचनात्मक उद्योगों को बढ़ावा देना, क्षमता निर्माण और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल हैं। बैठक में तैयार की गई सिफारिशों को संस्कृति मंत्रियों की बैठक में रखा जाएगा।
सम्मेलन के दौरान भारत अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित कर रहा है। इसके तहत कई प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जिनमें भारतीय पांडुलिपि विरासत, समुद्री संपर्क और सभ्यतागत संबंधों को दर्शाया जा रहा है।
मध्य प्रदेश की संस्कृति को मिलेगा वैश्विक मंच
भोपाल में आयोजित इस सम्मेलन के जरिए मध्य प्रदेश की लोक कला, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर को भी वैश्विक पहचान मिल रही है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की विविध परंपराओं को विदेशी प्रतिनिधियों के सामने पेश किया जा रहा है।
सम्मेलन में BRICS सांस्कृतिक उत्सव भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भारतीय कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। इसके अलावा प्रतिनिधियों के लिए मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कार्यक्रम भी रखा गया है।
8 अगस्त को जारी होगा अंतिम घोषणा पत्र
BRICS संस्कृति मंत्रियों की बैठक के बाद 8 अगस्त को अंतिम BRICS Culture Ministers’ Declaration को अपनाया जाएगा। यह घोषणा पत्र आने वाले समय में सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग की दिशा तय करेगा।
भोपाल में हो रहा यह सम्मेलन भारत की सांस्कृतिक कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके माध्यम से भारत अपनी कला, परंपरा और विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर सांस्कृतिक सहयोग को नई दिशा देने की कोशिश कर रहा है।

