बागड़िया टावर में मेडिकल कचरे को लेकर 3-4 महीने से चल रही थी शिकायत, जिम्मेदारों ने नहीं दिया ध्यान; आखिरकार लगी आग
पुरानी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बागड़िया टावर में बुधवार शाम मेडिकल कचरे से लगी आग ने कई लोगों की जान खतरे में डाल दी। जिस कचरे के कारण छह मंजिला इमारत में आग फैली और 50 से ज्यादा लोग फंस गए, उसे हटाने के लिए टावर के मालिक पिछले तीन से चार महीने से प्रयास कर रहे थे। आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद किसी जिम्मेदार अधिकारी या पदाधिकारी ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया। आखिरकार अवैध रूप से जमा किया गया यही मेडिकल कचरा बड़े हादसे की वजह बन गया।
टावर मालिकों के अनुसार, बिल्डिंग में मेडिकल स्टोर का कचरा जमा किया जा रहा था। इस कचरे को हटवाने के लिए उन्होंने कई बार टावर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों से संपर्क किया। जब वहां से समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सेंट्रल कोतवाली थाने तक शिकायत की गई। इसके बावजूद कचरे को हटाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। मालिकों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बाद भी जिम्मेदारों की अनदेखी बनी रही।
बुधवार शाम करीब 4:30 बजे इसी मेडिकल कचरे में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। वेंटिलेशन चैंबर के जरिए धुआं पूरी इमारत में पहुंच गया। इससे 48 फ्लैट वाली बिल्डिंग में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। धुआं फैलने के कारण 50 से ज्यादा लोग इमारत में फंस गए और उनके सामने सुरक्षित बाहर निकलने की चुनौती खड़ी हो गई।
इस घटना के बाद टावर में मेडिकल कचरे के भंडारण और उसके निस्तारण को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। मेडिकल कचरे को सामान्य कचरे की तरह खुले में या किसी रिहायशी इमारत में जमा करना लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। ऐसे कचरे का निर्धारित नियमों के अनुसार सुरक्षित निस्तारण जरूरी है।
टावर मालिकों की शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई, कचरा किसकी अनुमति से जमा किया जा रहा था और इसकी जिम्मेदारी किसकी थी, अब इन सवालों के जवाब तलाशना जरूरी है। मामले की निष्पक्ष जांच से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कचरे को हटाने में देरी और सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार था।

