रीवा में युवती की संदिग्ध मौत, मां ने लगाया हत्या का आरोप; वीडियो में जाने इंस्टाग्राम से शुरू हुआ रिश्ता पहुंचा शादी तक
मध्य प्रदेश के रीवा में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतका की मां बेबी साकेत ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और उसे लंबे समय तक प्रताड़ित किया जाता था।
मां के मुताबिक, उनकी बेटी गोल्डी साकेत अक्सर छिप-छिपकर फोन पर उनसे बात करती थी और अपने साथ हो रही कथित हिंसा की जानकारी देती थी। उनका कहना है कि एक दिन अचानक बेटी से संपर्क टूट गया और बाद में परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली।
परिजनों के अनुसार, करीब तीन साल पहले गोल्डी की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए एक युवक से हुई थी, जिसने खुद को ‘प्रिंस’ नाम से बताया था। बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई और बाद में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं।
करीब छह महीने पहले दोनों ने हैदराबाद के एक मंदिर में शादी कर ली थी। बाद में युवती को पता चला कि युवक का असली नाम साहिल खान है, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ। हालांकि, बाद में रिश्ते को लेकर दोनों के बीच समझौता हुआ और परिजनों के अनुसार, बाद में दोनों ने मस्जिद में निकाह भी किया। फिलहाल, परिजन इस पूरे मामले को हत्या बता रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

