बिल्डिंग नियम तोड़ने पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, वीडियो में देखें पूछा- आवासीय इलाकों में होटल-रेस्टोरेंट को मंजूरी कौन दे रहा?
सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में बिल्डिंग नियमों के उल्लंघन और नगर निकायों की भूमिका को लेकर सख्त टिप्पणी की है। जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस संजीव सचदेवा की बेंच ने कहा कि कई जगहों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के साथ सरकारी अधिकारी भी मिले हुए हैं। कोर्ट ने सवाल उठाया कि आखिर आवासीय इलाकों में होटल, गेमिंग पार्लर, सॉफ्टवेयर कंपनियों और रेस्टोरेंट जैसी व्यावसायिक गतिविधियों को मंजूरी कौन दे रहा है? सुनवाई के दौरान कोर्ट ने निर्माण से जुड़े भ्रष्टाचार और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
बिल्डिंग प्लान पास कराने से लेकर सीलिंग हटवाने तक का हिसाब मांगा
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि बिल्डिंग प्लान पास कराने, निर्माण के दौरान निरीक्षण से बचने और अवैध निर्माण पर होने वाली तोड़फोड़ की कार्रवाई रुकवाने तक किस स्तर पर कितनी कीमत चुकाई जाती है।
कोर्ट की टिप्पणी थी कि कई मामलों में अधिकारी समय पर निरीक्षण नहीं करते। जब इमारतें पूरी तरह बन जाती हैं और नियमों का उल्लंघन हो चुका होता है, तब जाकर निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू होती है। इससे अवैध निर्माण को समय रहते रोकने की व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं।
बेंच ने इस बात पर भी चिंता जताई कि नगर निकायों की जिम्मेदारी केवल नक्शे पास करने तक सीमित नहीं हो सकती। निर्माण के दौरान नियमों का पालन सुनिश्चित करना भी उनकी जिम्मेदारी है।
आवासीय इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों पर सवाल
सुप्रीम कोर्ट ने विशेष रूप से आवासीय क्षेत्रों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए। कोर्ट ने पूछा कि जिन इलाकों को रहने के लिए निर्धारित किया गया है, वहां होटल, रेस्टोरेंट, गेमिंग पार्लर और सॉफ्टवेयर कंपनियों को संचालन की अनुमति कैसे मिल रही है।
इस तरह की गतिविधियों के लिए संबंधित नगर निकायों से मंजूरी और नियमों के पालन की आवश्यकता होती है। कोर्ट की टिप्पणियों से स्पष्ट है कि ऐसे मामलों में अधिकारियों की भूमिका और अनुमति देने की प्रक्रिया की जांच जरूरी है।
भोपाल नगर निगम ने सुप्रीम कोर्ट में पेश की रिपोर्ट
इस मामले में भोपाल के स्थानीय रहवासियों की शिकायतें भी सामने आई हैं। याचिकाकर्ताओं के वकील विवेक त्रिपाठी के मुताबिक, सोमवार को भोपाल नगर निगम ने सीलिंग की कार्रवाई से संबंधित रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश की।
हालांकि, स्थानीय रहवासियों ने इस रिपोर्ट पर आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि नगर निगम ने कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों को चुनिंदा तरीके से राहत दी। रहवासियों का कहना है कि कुछ परिसरों को पहले सील किया गया, लेकिन बाद में उन्हें दोबारा खोल दिया गया।
हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रहे रहवासी
नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाने वाले स्थानीय रहवासी अब इस मामले को लेकर जबलपुर हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं। उनका कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी परिसरों के खिलाफ समान कार्रवाई होनी चाहिए और किसी को भी विशेष राहत नहीं मिलनी चाहिए।
फिलहाल सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणियों के बाद नगर निकायों की कार्यप्रणाली और अवैध निर्माण पर निगरानी का मुद्दा चर्चा में है। आने वाले समय में इस मामले में होने वाली सुनवाई और भोपाल नगर निगम की कार्रवाई पर सबकी नजर रहेगी।

