राजा-सोनम केस में शिवराज सिंह चौहान की एंट्री, बोले- बेटी को सुरक्षित घर लाएंगे…

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा अपनी पत्नी के साथ हनीमून मनाने शिलांग गए थे। 2 जून को मेघालय पुलिस को तलाशी के दौरान राजा का शव एक खाई में मिला, लेकिन सोनम का अभी तक पता नहीं चल पाया है। राजा के परिवार ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। वहीं, अब इस मामले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की एंट्री हो गई है। शुक्रवार देर रात राजा और सोनम के परिवार और रघुवंशी समाज के लोग केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर पहुंचे। यहां शिवराज सिंह चौहान ने हर संभव मदद का वादा किया। शिवराज ने सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी से फोन पर बात की और मदद का वादा किया। कृषि मंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया है कि वह बेटी को मध्य प्रदेश से सकुशल घर वापस लाएंगे। राजा और सोनम का एक नया वीडियो सामने आया है। जिसमें दोनों होटल के अंदर आए और स्टाफ से बात की और सामान होटल में छोड़कर वापस बाहर चले गए। सीसीटीवी फुटेज में सोनम लाल और नीले रंग की जैकेट में नजर आ रही है। जंगल में सर्च के दौरान टीम को एक ऐसी ही जैकेट मिली। उस पर खून के कई धब्बे थे। यह वीडियो पुलिस के लिए अहम सुराग हो सकता है।