मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में प्याज से भरी लोडिंग पिकअप वाहन पलट गई। हादसा सुनेरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 पर सुबह करीब 5 बजे हुआ। दुर्घटना में वाहन में सवार दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, प्याज से लदी पिकअप हाईवे से गुजर रही थी, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
दो लोग घायल
दुर्घटना में पिकअप में सवार दो व्यक्तियों को चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए शाजापुर जिला अस्पताल भेजा गया।
सड़क पर बिखरी प्याज
हादसे के बाद पिकअप में भरी प्याज सड़क पर बिखर गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया और क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
जांच में जुटी पुलिस
सुनेरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।

