रीवा हादसे से जैन समाज में उबाल, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे दो साध्वियों की मौत पर देशभर में मौन जुलूस और प्रदर्शन
Rewa में सड़क हादसे में दो जैन साध्वियों की मौत के बाद देशभर में जैन समाज में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। सोमवार को मध्य प्रदेश सहित देश के कई शहरों में जैन समाज के लोगों ने मौन जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।दरअसल, 20 मई को रीवा कलेक्ट्रेट के सामने सड़क किनारे पैदल विहार कर रही तीन जैन साध्वियों को एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी थी। इस दर्दनाक हादसे में पूज्य श्रुतमति माताजी और उपशममति माताजी का समाधिमरण हो गया, जबकि एक अन्य आर्यिका माताजी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल साध्वी का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कार सड़क किनारे चल रही साध्वियों को पीछे से टक्कर मारती है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद जैन समाज में गहरा रोष फैल गया है। लोगों का कहना है कि साध्वियां सड़क के किनारे शांतिपूर्वक विहार कर रही थीं, इसके बावजूद कार सीधे उनकी ओर बढ़ती दिखाई दे रही है।जैन समाज और कई हिंदू संगठनों ने इस घटना को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि यह केवल सड़क हादसा नहीं हो सकता, बल्कि इसके पीछे सुनियोजित साजिश की आशंका भी है। समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की है कि मामले में हत्या की धाराएं लगाई जाएं और निष्पक्ष जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की जाए।
देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान लोगों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण मौन मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि साधु-संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और इस तरह की घटनाएं समाज की भावनाओं को गहरी चोट पहुंचाती हैं।कई धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि अगर मामले की निष्पक्ष जांच नहींहुई तो देशभर में आंदोलन और तेज किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की अपील कर रहे हैं।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और कार चालक से पूछताछ की जा रही है। हालांकि अब तक प्रशासन की ओर से इस घटना को लेकर किसी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे देश का जैन समाज इस घटना से दुखी और आक्रोशित है। लोगों की नजर अब सरकार और जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आखिर इस मामले में क्या सच सामने आता है।

