Samachar Nama
×

रीवा मेडिकल कॉलेज के विभागाध्यक्ष पर महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ के आरोप, वीडियो में देंखे आपत्तिजनक ऑडियो वायरल; जूनियर डॉक्टरों ने किया प्रदर्शन

रीवा मेडिकल कॉलेज के विभागाध्यक्ष पर महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ के आरोप, वीडियो में देंखे आपत्तिजनक ऑडियो वायरल; जूनियर डॉक्टरों ने किया प्रदर्शन

मध्य प्रदेश के रीवा स्थित श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज इंदुरकर विवादों में घिर गए हैं। उनके कथित आपत्तिजनक ऑडियो सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों और जूनियर डॉक्टरों में नाराजगी है। आरोप है कि ऑडियो में डॉक्टर एक महिला डॉक्टर के कपड़ों, सुंदरता और पहनावे को लेकर निजी टिप्पणियां कर रहे हैं। महिला डॉक्टर ने भी उनके खिलाफ छेड़छाड़ और लगातार परेशान करने की शिकायत दर्ज कराई है।

वायरल ऑडियो में कथित तौर पर डॉ. इंदुरकर महिला डॉक्टर से कहते सुनाई दे रहे हैं, "कल तुम्हारे कपड़े बहुत अच्छे लग रहे थे। आज तो अच्छे नहीं लग रहे हैं। कल तुम बहुत सुंदर दिख रही थी।" बातचीत के दौरान कपड़ों के आकार को लेकर भी सवाल पूछे जाने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में वह कहते सुनाई देते हैं, "तुम्हें कौन सा साइज लगता है, बताओ मैं नए ले रहा हूं।"

पहले वर्ष से पसंद करने की बात कहने का आरोप

महिला डॉक्टर का आरोप है कि विभागाध्यक्ष आए दिन इस तरह की टिप्पणियां करते थे और उन्हें परेशान करते थे। शिकायत के मुताबिक, डॉक्टर उनसे कहते थे कि वह उन्हें मेडिकल कॉलेज के पहले वर्ष से ही अच्छी लगती हैं। साथ ही काजल और क्रीम रंग के कुर्ते में खूबसूरत दिखने की बात कहकर उसी तरह के कपड़े पहनने की सलाह देते थे।महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया कि उनके पहनावे और निजी जिंदगी को लेकर भी टिप्पणियां की जाती थीं। इतना ही नहीं, डॉक्टर पर उनके घर के पास जाकर उपहार देने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है।

आधी रात तक अस्पताल परिसर में प्रदर्शन

मामले के सामने आने के बाद रविवार रात संजय गांधी अस्पताल परिसर में मेडिकल विद्यार्थियों और जूनियर डॉक्टरों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी देर रात तक परिसर में जुटे रहे और आरोपी विभागाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। कथित ऑडियो सामने आने के बाद विद्यार्थियों में काफी नाराजगी देखी गई।प्रदर्शन के दौरान मेडिकल विद्यार्थियों और जूनियर डॉक्टरों ने महिला डॉक्टर के साथ कथित व्यवहार पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि चिकित्सा संस्थान में काम करने वाली महिला डॉक्टरों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

महिला डॉक्टर ने थाने में दी लिखित शिकायत

महिला डॉक्टर ने शनिवार रात अमहिया थाने पहुंचकर डॉ. मनोज इंदुरकर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने लगातार परेशान करने, पहनावे और निजी जीवन पर टिप्पणी करने तथा घर के पास जाकर उपहार देने की कोशिश करने जैसे आरोप लगाए हैं।फिलहाल यह मामला मेडिकल कॉलेज और अस्पताल परिसर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल ऑडियो और महिला डॉक्टर की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही आरोपों की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

Share this story

Tags