स्वास्तिक ग्रैंड विला में बिजली-पानी संकट पर फूटा गुस्सा, रहवासियों ने किया धरना-प्रदर्शन
मिसरोद स्थित स्वास्तिक ग्रैंड विला कॉलोनी के रहवासियों ने बुधवार शाम कॉलोनी के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन कर जमकर विरोध जताया। रहवासियों ने कॉलोनी में बिजली और पेयजल की स्थायी व्यवस्था की मांग उठाते हुए प्रशासन और बिल्डर के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
धरना दे रहे लोगों का आरोप है कि पिछले चार से पांच साल से प्रति यूनिट 10 रुपए की दर से बिजली बिल चुकाने के बावजूद अब तक कॉलोनी में स्थायी बिजली मीटर नहीं लगाए गए हैं। इसके चलते पूरी कॉलोनी अस्थायी बिजली व्यवस्था पर निर्भर है, जिससे बार-बार बिजली गुल होने की समस्या बनी रहती है।
अस्थायी व्यवस्था से बढ़ी परेशानी
रहवासियों का कहना है कि अस्थायी कनेक्शन के कारण बिजली आपूर्ति में लगातार बाधा आती है। खासकर गर्मी और रात के समय बिजली कटौती से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इसके अलावा कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति को लेकर भी स्थिति ठीक नहीं है। कई बार पानी की सप्लाई बाधित होने से लोगों को निजी टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
स्थायी समाधान की मांग पर अड़े रहवासी
धरना प्रदर्शन के दौरान रहवासियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक कॉलोनी में स्थायी बिजली मीटर और नियमित पेयजल व्यवस्था लागू नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। लोगों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
प्रशासन से हस्तक्षेप की उम्मीद
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अब रहवासियों ने प्रशासन से सीधे हस्तक्षेप की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

