राजा और सोनम की वारदात से पहले की दिखी झलक, पर्यटक के कैमरे में घाटी की ओर जाते दिखे

राजा और सोनम जब शिलांग के नोंग्रियाट गांव की घाटी में गए थे तो अपने साथ कोई सामान नहीं ले गए थे, लेकिन वापस आते समय राजा के पास एक छोटा बैग था, जबकि सोनम एक पॉलीथिन बैग में कुछ सामान लेकर सीढ़ियां चढ़ रही थीं। उनके कंधे पर भी एक छोटा बैग टंगा हुआ था। यह बात एक पर्यटक द्वारा बनाए गए वीडियो में सामने आई। पर्यटक जाते समय वीडियो बना रहा था और उसमें राजा और सोनम भी कैद हो गए। सोनम भी वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की तरफ देखती नजर आईं। अब उस वीडियो की फोटो वायरल हो रही है।
22 मई की शाम को सोनम डबल डेकर रूट पर राजा से टकराने में असफल रहीं। इसके बाद सोनम और राजा ने सुबह छह बजे शिप्रा होम स्टे से चेकआउट किया और तीन हजार सीढ़ियां चढ़कर बंद पार्किंग यार्ड पहुंचे। वापस आते समय राजा और सोनम एक पर्यटक के मोबाइल पर बने वीडियो में कैद हो गए। पर्यटक देवेंद्र सिंह यूट्यूबर हैं। राजा और सोनम की बातचीत 23 मई की सुबह 9:30 से 10 बजे के बीच उसके मोबाइल फोन में कैद हुई थी। यह शायद राजा का आखिरी वीडियो है। इस वीडियो के कैद होने के चार घंटे बाद ही राजा की हत्या कर दी गई थी। वीडियो में सोनम ने सफेद टी-शर्ट पहनी हुई थी और हाथ में डंडा थामे हुए थी, जबकि राजा उसके पीछे चल रहा था।
राजा के हाथ में पानी की बोतलें थीं और कंधे पर जैकेट टंगी हुई थी। सोनम के हाथ में सफेद पॉलीथिन बैग भी था। इसमें शायद जैकेट भी थी, जो सोनम ने राजा की हत्या के बाद विशाल को दी थी।
सोनम रघुवंशी और तीन युवकों ने बंद पार्किंग में धारदार हथियारों से राजा पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सोनम बुर्का पहनकर भाग गई, लेकिन सोनम अपने साथ बुर्का नहीं लाई थी। विशाल उसके लिए बुर्का लेकर आया था।