Samachar Nama
×

उज्जैन में शाही मस्जिद की मीनार का हिस्सा टूटा, छत पर गिरा; फुटेज में देंखे हादसे में कोई घायल नहीं

उज्जैन में शाही मस्जिद की मीनार का हिस्सा टूटा, छत पर गिरा; फुटेज में देंखे हादसे में कोई घायल नहीं

उज्जैन के छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद में गुरुवार सुबह मीनार का एक हिस्सा अचानक टूटकर छत पर गिर गया। हादसा सुबह करीब पौने 7 बजे हुआ। मीनार का हिस्सा गिरने से मस्जिद की छत को भी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत कंठाल चौक से गोपाल मंदिर तक सड़क को चौड़ा करने का काम प्रस्तावित है। सड़क चौड़ीकरण की जद में शाही मस्जिद की मीनार समेत करीब 6 फीट हिस्सा आ रहा था। इसी वजह से पिछले चार दिनों से मुस्लिम समुदाय के लोग निर्माण के प्रभावित हिस्से को हाथ से हटाने का काम कर रहे थे।

निर्माण हटाने के दौरान हुआ हादसा

गुरुवार सुबह भी मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान मीनार का एक हिस्सा अचानक टूट गया और नीचे मस्जिद की छत पर जा गिरा। मीनार के हिस्से के गिरने से छत को नुकसान पहुंचा।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई। हालांकि, जिस समय मीनार का हिस्सा गिरा, उस दौरान किसी के वहां मौजूद होने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

चार दिन से चल रहा था हिस्सा हटाने का काम

सिंहस्थ 2028 को देखते हुए उज्जैन में कई इलाकों में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने की तैयारियां चल रही हैं। इसी क्रम में कंठाल चौक से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ी करने की योजना है। बताया गया कि शाही मस्जिद की मीनार का कुछ हिस्सा भी प्रस्तावित सड़क की सीमा में आ रहा था।इसी हिस्से को हटाने का काम पिछले चार दिनों से किया जा रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक निर्माण को हाथ से हटाया जा रहा था, ताकि सड़क चौड़ीकरण के लिए जरूरी हिस्सा खाली किया जा सके।

काजी ने कहा- तकनीकी चूक से हुआ नुकसान

शाही मस्जिद के काजी खलीफुर्रहमान ने घटना को लेकर कहा कि मीनार का हिस्सा हटाने के लिए प्रशासन से मदद मांगी गई थी। उनके मुताबिक प्रशासन की ओर से सहयोग भी किया जा रहा था। इसी दौरान तकनीकी चूक के कारण मीनार के हिस्से को नुकसान पहुंचा और वह टूटकर मस्जिद की छत पर गिर गया।काजी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हादसे में जो नुकसान हुआ है, उसकी मरम्मत का काम कराया जा रहा है।

प्रशासन और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में काम

घटना के बाद क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया गया। फिलहाल प्राथमिक जानकारी के मुताबिक हादसा निर्माण हटाने के दौरान हुआ। मीनार के बाकी हिस्से को सुरक्षित तरीके से हटाने और मस्जिद की क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत का काम किया जा रहा है।सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण और अन्य विकास कार्यों को गति दी जा रही है। शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की प्रक्रिया भी इसी योजना का हिस्सा है। प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच समन्वय के साथ बाकी निर्माण हटाने का काम पूरा किया जाएगा।

Share this story

Tags