सिवनी में रातभर चला ट्रैफिक चेकिंग अभियान: कई प्रमुख चौराहों पर वाहनों की सघन जांच, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार रात थाना कोतवाली और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों की सघन जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने बाहुबली चौक, एसपी बंगला, बिसेन हॉस्पिटल, विशाल मेगा मार्ट, मानेगांव तिराहा और बाबरिया रोड सहित कई प्रमुख स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहन चालकों के दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य आवश्यक नियमों का पालन सुनिश्चित किया गया।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने, आवश्यक दस्तावेज साथ न रखने, यातायात नियमों की अनदेखी करने और अन्य उल्लंघनों पर कार्रवाई करते हुए लोगों को भविष्य में नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि नियमित जांच अभियान से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

