इंदौर में धूमधाम से मनी देवी अहिल्या की जयंती, महिलाएं निकली भजन गाते हुए, अहिल्या परिक्रमा भी की

इंदौर में शनिवार को देवी अहिल्या की 300वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। शहर के राजवाड़ा चौक पर सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। राजवाड़ा चौक पर सुबह 7 बजे से शहर भर से 70 से अधिक बैंड और भजन मंडलियों ने प्रस्तुति दी। अधिकांश भजन मंडलियों का नेतृत्व महिलाएं कर रही थीं। विभिन्न क्षेत्रों से आई भजन मंडलियों ने देवी अहिल्या की प्रतिमा की परिक्रमा की। महिलाएं भगवा साड़ी पहनकर आईं और भगवा ध्वज लहराते हुए भजन गाए। बैंड की धुन पर विट्ठल विट्ठल विट्ठल... गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो जैसे भजन बजाए जा रहे थे। भजन मंडलियों के स्वागत के लिए चौक के आसपास मंच भी बनाए गए थे। क्लार्क कॉलोनी से आई बहन मंडली ने दस से अधिक भजन गाए। इसके अलावा युवाओं और महिलाओं की टोलियों ने लेजिम और बड़े ढोल पर नारे लगाए। विज्ञापन पुण्यश्लोक संस्था ने उषा नगर क्षेत्र से रैली निकाली। सभी लोग एक वाहन पर स्थापित देवी अहिल्या की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर रहे थे। रैली में शामिल पुरुष सफेद वस्त्र पहने हुए थे। उनके हाथों में होलकर शासन के झंडे भी थे। संस्था जयंती के उपलक्ष्य में जागरण गोंधल का आयोजन भी करने जा रही है। इसके अलावा जाल ऑडिटोरियम में देवी अहिल्या नारी गौरव अलंकरण समारोह का भी आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभिन्न समाज की महिलाओं को सम्मानित किया गया। शहर में अन्य स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।