एनएचआई के पैचवर्क ने बढ़ाई परेशानी: भेरू घाट से क्वाली तक 10 किमी लंबा जाम, घंटों फंसे वाहन
राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर चल रहे पैचवर्क के कारण बुधवार को यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मरम्मत कार्य के चलते भेरू घाट से क्वाली तक करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन घंटों तक सड़क पर फंसे रहे।
जानकारी के अनुसार, एनएचआई द्वारा हाईवे पर पैचवर्क का काम किया जा रहा था। सड़क के एक हिस्से पर यातायात प्रभावित होने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और देखते ही देखते लंबी कतारें लग गईं। दोपहर से शुरू हुआ जाम देर तक बना रहा, जिससे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हुई।
रेंगते रहे वाहन, गर्मी में परेशान हुए लोग
जाम के कारण कार, बस, ट्रक और अन्य वाहन लंबी कतारों में फंस गए। कई जगह वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते नजर आए। भीषण गर्मी और उमस के बीच वाहन चालकों और यात्रियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को हुई।
पैचवर्क के दौरान नहीं की गई पर्याप्त ट्रैफिक व्यवस्था
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि सड़क मरम्मत कार्य के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन और यातायात प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। इसके चलते थोड़ी ही देर में हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और लंबा जाम लग गया।
यात्रियों ने उठाए सवाल
हाईवे पर फंसे लोगों ने एनएचआई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क मरम्मत जैसे कार्य कम यातायात वाले समय में किए जाने चाहिए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। लोगों ने भविष्य में बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल, जाम खुलवाने के लिए मौके पर यातायात पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने मोर्चा संभाला, जिसके बाद धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही सामान्य होने लगी।

