प्रेमी के साथ मिलकर मां ने छह साल की बेटी की गला दबाकर की हत्या, पति को फंसाने की थी साजिश
कैसरबाग के खंडेरी बाजार निवासी रोशनी खान ने अपने प्रेमी उदित जायसवाल के साथ मिलकर सोमवार रात अपनी छह साल की बेटी सोना की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, रोशनी ने अपने पति शाहरुख को फंसाने के लिए यह अपराध किया। वह अपनी बेटी की हत्या के आरोप में अपने पति को जेल भिजवाना चाहती थी। पुलिस ने रोशनी और उदित को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, सोमवार रात करीब 3 बजे डायल 112 पर हत्या की सूचना मिली। रोशनी ने फोन करके बताया कि उसके पति ने उसकी बेटी सोना की हत्या कर दी है। पुलिस ने मौके पर जाकर फोरेंसिक टीम के साथ जाँच की। साक्ष्य जुटाने के बाद, जिस कमरे में सोना का शव मिला था, उसे सील कर दिया गया। रोशनी की शिकायत पर शाहरुख के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जाँच में पता चला है कि रोशनी का अपने पति से पिछले दो सालों से मनमुटाव चल रहा था। रोशनी अपने प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। सोमवार रात शाहरुख अपनी बेटी से मिलने आया था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। रोशनी से झगड़े के बाद शाहरुख वहाँ से चला गया। पुलिस ने शाहरुख से पूछताछ की और उसकी लोकेशन पता की। शाहरुख ने पुलिस को रात की घटना के बारे में बताया। शक के आधार पर पुलिस ने रोशनी और उदित से बारी-बारी से पूछताछ की।
36 घंटे तक सड़ता रहा शव, सामने हुई पार्टी
सोनन की हत्या रविवार को ही हुई थी। बेटी की हत्या के बाद रोशनी अपने प्रेमी के साथ उसी घर में रह रही थी। दोनों ने शव के सामने पार्टी भी की। इसके बाद वे शाहरुख को फँसाने की साजिश रचते रहे। सोमवार रात जब शाहरुख अपनी बेटी से मिलने आया, तो रोशनी से झगड़ा होने के कारण वापस चला गया। इसके बाद रोशनी ने पुलिस को हत्या की जानकारी दी।
पुलिस जब मौके पर पहुँची, तो कमरे से तेज़ बदबू आ रही थी। शव में कीड़े पड़ गए थे। रात में जब रोशनी ने शाहरुख पर हत्या का आरोप लगाया, तो पुलिस को शक हुआ। शव की हालत देखकर बिल्कुल भी नहीं लग रहा था कि हत्या कुछ घंटे पहले ही हुई है। यही वजह है कि पुलिस ने रोशनी को थाने जाकर मामला दर्ज कराने को कहा।
प्रेमी उदित को भी थाने ले जाया गया। शुरुआत में रोशनी पुलिस को गुमराह करती रही। उधर, जब पुलिस ने उदित से पूछताछ की, तो वह टूट गया और हत्या की कहानी बयां कर दी। आरोपी ने बताया कि उसने रविवार को ही सोना की हत्या कर दी थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी इस बात की पुष्टि हुई है कि पुलिस को हत्या के 36 घंटे बाद घटना की जानकारी दी गई थी। डॉक्टरों के एक पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया। शव सड़ने-गलने के कारण विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। सोना के गले, नाक, मुँह और सीने पर चोट के निशान पाए गए हैं।

