Samachar Nama
×

तीन दिन में पूरे प्रदेश में फैला मानसून, आज भारी बारिश का अलर्ट, पूरे प्रदेश का बदला रहेगा मौसम

तीन दिन में पूरे प्रदेश में फैला मानसून, आज भारी बारिश का अलर्ट, पूरे प्रदेश का बदला रहेगा मौसम

सोमवार को प्रदेश की सीमा पर पहुंचा मानसून बुधवार को ग्वालियर पहुंच गया। आमतौर पर वहां पहुंचने में एक सप्ताह का समय लगता है। 3 दिन में मानसून 54 जिलों में पहुंच चुका है। सिर्फ एक जिला भिंड बचा है। जहां गुरुवार को मानसून प्रवेश कर जाएगा। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर चलेगा। ग्वालियर-चंबल संभाग के 3 जिलों श्योपुर, मुरैना-गुना में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 24 घंटे में 2.5 से 4.25 इंच बारिश हो सकती है। गुरुवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश की संभावना है।

प्रदेश में चार दिन भारी बारिश की चेतावनी
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि दो कम दबाव के क्षेत्र और तीन चक्रवाती परिसंचरण तंत्र सक्रिय हैं। इसके चलते अगले 4 दिन प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी तो कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। यानी 24 घंटे में 2.5 से 8 इंच पानी गिर सकता है।

बारिश से प्रदेश में तापमान में गिरावट

बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश हुई। मंदसौर, रतलाम, बड़वानी में तेज बारिश हुई। इससे गर्मी से राहत मिली। वहीं धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन में भी बारिश हुई। आंधी और बारिश से दिन के तापमान में काफी गिरावट आई है। प्रदेश में औसत पारे में 2 डिग्री की गिरावट आई है। सबसे ज्यादा तापमान टीकमगढ़ में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाकी शहरों में पारा इससे नीचे रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 33 डिग्री, इंदौर में 31.4 डिग्री, ग्वालियर में 35.5 डिग्री, उज्जैन में 31.7 डिग्री और जबलपुर में 37.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश में एक दिन देरी से पहुंचा मानसून
इस बार देश में मानसून 8 दिन पहले ही आ गया। वहीं महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में यह तय समय से पहले ही पहुंच गया। ऐसे में माना जा रहा था कि जून के पहले हफ्ते में यह मध्य प्रदेश में पहुंचेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पिछले 15 दिनों से मानसून महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ में एक ही जगह पर स्थिर रहा। इस कारण यह मध्य प्रदेश में प्रवेश नहीं कर सका। 13-14 जून को मानसून आगे बढ़ा। हालांकि, प्रदेश में यह 1 दिन देरी से पहुंचा। हालांकि, मानसून ने महज 3 दिन में ही पूरे प्रदेश को कवर कर लिया। बता दें कि मध्य प्रदेश में मानसून के प्रवेश की सामान्य तिथि 15 जून ही है। पिछले साल इसने 21 जून को प्रवेश किया था।

Share this story

Tags