MP में 10 जून के बाद मानसून हो सकता है एक्टिव, आज जबलपुर, डिंडौरी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, मंडला, बालाघाट में बारिश के आसार

पंजाब और उसके आसपास ऊपरी हवा में चक्रवात के रूप में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके साथ एक द्रोणिका भी जुड़ी हुई है। हरियाणा के ऊपर ऊपरी हवा में एक चक्रवात बन रहा है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर भी ऊपरी हवा में एक चक्रवात बन रहा है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार हवाओं के साथ आ रही नमी के कारण बीच-बीच में बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसी स्थिति अभी बनी रहने की उम्मीद है। वहीं 10 जून से एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। इस बार मानसून समय से पहले जबलपुर पहुंचेगा। इससे पहले प्री-मानसून आने में कुछ दिन बाकी हैं। हालांकि, बुधवार को आसमान में हल्के बादल छाने और तेज हवाएं चलने के साथ प्री-मानसून के आगमन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इधर, मौसम विभाग ने जबलपुर और आसपास के शहरों में बारिश की संभावना जताई है, लेकिन यह बारिश प्री-मानसून की है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में बारिश कराने वाले मौसमी सिस्टम कमजोर पड़ने से इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिन में धूप खिली रहती है और दोपहर में बादल छा जाते हैं। हवा के तेज़ झोंके वातावरण को खुशनुमा बनाए रखते हैं।