जनता के और करीब आई मोहन सरकार, सीएम ने लॉन्च किया नया एप, जानें आपको क्या होगा फायदा
मध्य प्रदेश सरकार अब जनता के और करीब आ गई है। जनता को समाचार, कैबिनेट निर्णय, लेख और फोटो सहित सरकार से संबंधित सभी जानकारी केवल एक क्लिक पर मिल सकेगी। दरअसल, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 25 मार्च को जनसंपर्क विभाग का मोबाइल एप यानी mpinfo.org लॉन्च किया था।
इस ऐप के जरिए सरकार जनता से ज्यादा आसानी से संवाद कर सकेगी। सरकार लोगों को पल भर में बता सकेगी कि राज्य के विकास के लिए उसकी क्या योजनाएं हैं। यह ऐप एंड्रॉयड आधारित है। इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इसे डाउनलोड करने के लिए आपको गूगल प्ले स्टोर पर Jan Sampark MP टाइप करना होगा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण
गौरतलब है कि यह ऐप अपने आप में बेहद खास है। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रमों को लाइव देखा जा सकेगा। मुख्यमंत्री और मंत्रियों से संबंधित समाचार एक क्लिक पर प्राप्त किए जा सकेंगे। इस एप पर समाचार, फोटो गैलरी, वीडियो गैलरी, मंत्रिपरिषद के निर्णय, आलेख, कैबिनेट मंत्रियों की सूची, कमिश्नर-कलेक्टरों की सूची, मध्यप्रदेश के शासकीय विभाग, उनकी वेबसाइट के लिंक और जिलों की खबरें आसानी से उपलब्ध होंगी।
वॉयस सर्च सुविधा भी उपलब्ध
इस जनसंपर्क ऐप पर स्क्रीन रीडर की सुविधा भी दी गई है। इससे यूजर्स आसानी से न्यूज सुन सकेंगे। इस ऐप में वॉयस सर्च की सुविधा है। इससे उपयोगकर्ता अपनी जरूरत के अनुसार आसानी से सामग्री ढूंढ सकते हैं। यह ऐप इसे व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने के लिए एक लिंक प्रदान करता है। इससे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कंटेंट को आसानी से शेयर किया जा सकेगा। इसमें पुश नोटिफिकेशन की सुविधा भी है। इसके माध्यम से सभी उपयोगकर्ताओं तक समाचार पहुंचाया जा सकेगा।